Google Maps का ये फीचर बदल देगा आपका एक्सपीरियंस, ज्यादातर लोग नहीं जानते इसका इस्तेमाल

pc: bhaskar english

अगर आप अक्सर कार या बाइक से सफर करते हैं, तो रास्ते में इंटरनेट कमजोर पड़ना या मोबाइल डेटा खत्म होना किसी परेशानी से कम नहीं होता। खासकर किसी अनजान शहर या हाईवे पर ऐसा हो जाए तो Google Maps पर निर्भर रहने वाले लोगों की मुश्किल बढ़ सकती है। लेकिन Google Maps में मौजूद एक ऐसा फीचर इस स्थिति में काफी काम आ सकता है, जिसके बारे में बहुत से यूजर्स को जानकारी नहीं होती।

इस फीचर का नाम है Offline Maps। इसकी मदद से आप किसी इलाके का नक्शा पहले से अपने फोन में डाउनलोड कर सकते हैं और बाद में इंटरनेट कनेक्शन कमजोर या बंद होने पर भी उस डाउनलोड किए गए क्षेत्र में ड्राइविंग नेविगेशन का इस्तेमाल कर सकते हैं। Google के मुताबिक, पूरा रूट डाउनलोड किए गए क्षेत्र के भीतर होना चाहिए।

सफर से पहले डाउनलोड कर लें पूरा इलाका

मान लीजिए आप किसी दूसरे शहर जा रहे हैं और आपको रास्ते में नेटवर्क की समस्या होने की आशंका है। ऐसे में निकलने से पहले उस पूरे इलाके का Offline Map डाउनलोड किया जा सकता है।

Android में Google Maps खोलकर अपनी प्रोफाइल फोटो पर टैप करें और Offline maps > Select your own map पर जाएं। इसके बाद जिस क्षेत्र की जरूरत है, उसे सिलेक्ट करके डाउनलोडपर टैप कर सकते हैं।

iPhone में भी Google Maps के Offline maps विकल्प से अपनी जरूरत के अनुसार क्षेत्र डाउनलोड किया जा सकता है।

इंटरनेट बंद होने पर भी रास्ता दिखाएगा

एक बार जरूरी क्षेत्र डाउनलोड हो जाने के बाद अगर इंटरनेट कनेक्शन चला जाता है, तो Google Maps उस ऑफलाइन मैप के अंदर आने वाले ड्राइविंग रूट पर नेविगेशन में मदद कर सकता है। यानी हर समय मोबाइल डेटा पर निर्भर रहने की जरूरत नहीं होगी।

हालांकि, यहां एक जरूरी बात है—ऑफलाइन मोड में Live Traffic Information और Alternate Routes जैसी ऑनलाइन सुविधाएं उपलब्ध नहीं रहेंगी। इसी तरह ऑफलाइन रहते हुए पैदल, साइकिल या पब्लिक ट्रांसपोर्ट के कुछ दिशा-निर्देश भी उपलब्ध नहीं होते।