UP: चुनावों से पहले कीर्ति आजाद का बड़ा बयान, कहा- मैं राम मंदिर कभी नहीं जाऊंगा
- byShiv
- 12 Nov, 2026
इंटरनेट डेस्क। उत्तर प्रदेश में अगले वर्ष विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं और इन चुनावों से पहले यहां राजनीतिक बयानबाजी का दौर शुरू हो चुका है। चुनावों से पूर्व अयोध्या सियासत का सेंटर बन गया है। अखिलेश यादव अगले महीने अयोध्या जाने वाले हैं। इसे लेकर भाजपा के कई नेता अखिलेश पर निशाना साध रहे हैं। हालांकि, इस बीच ममता बनर्जी गुट के सांसद कीर्ति आजाद ने राम मंदिर और भगवान राम पर विवादित बयान दे दिया है। कीर्ति आजाद ने कहा है कि मैं राम मंदिर कभी नहीं जाऊंगा।
क्या बोले कीर्ति आजाद?
खबरों की माने तो समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के अयोध्या में राम मंदिर जाने के प्रस्ताव और उस पर बीजेपी की प्रतिक्रिया को लेकर टीएमसी सांसद कीर्ति आजाद कहते हैं-क्या हमारे देश में 3200 करोड़ देवी-देवताओं में केवल एक राम ही भगवान हैं? मैं तो नहीं जाऊंगा कभी। क्योंकि जिसने अपनी पत्नी का परित्याग कर दिया हो, अग्नि परीक्षा में जो पास हो गई हों, उसके बाद मां सीता को घर से निकाल दिया हो, मैं क्यों जाऊं। मैं सीता मां के जन्मस्थान का हूं। जब सबको अपने-अपने ईष्ट देव दिखते हैं तो मुझे भी अपनी ईष्ट देवी दिखती हैं। मिथिला की बेटी थीं, मेरी मां हैं सीता, मिथिला के रहने वाले प्रत्येक व्यक्ति की मां हैं सीता। दो छोटे-छोटे नादान बच्चों के साथ आपने अग्नि परीक्षा में पास होने के बाद निकाल दिया। मर्यादा पुरुषोत्तम? कौन सा मर्यादा, बच्चों को क्या बताऊं? मैं कामाख्या जाता हूं।
मिथिला की बेटी का तिरस्कार हुआ- कीर्ति आजाद
इस सवाल पर की आप कह रहे हैं कि आप भगवान राम के कभी दर्शन नहीं करेंगे और आप उन्हें मर्यादा पुरुषोत्तम मानने से इंकार कर रहे हैं? इस पर सांसद कीर्ति आजाद ने कहा- लोग उनको मर्यादा पुरुषोत्तम मानते हैं। और मैं नहीं जाऊंगा क्योंकि सीता मेरी मां हैं, मैं मिथिला का रहने वाला हूं। मिथिला की बेटी थीं। मिथिला की बेटी का तिरस्कार हुआ था।
pc- jansatta





