Uttarakhand: बद्रीनाथ से देहरादून लौट रहा हेलीकॉप्टर क्रैश, 6 लोगों की मौत, खराब मौसम के बाद भी उड़ान थी जारी

इंटरनेट डेस्क। बद्रीनाथ से देहरादून लौट रहा एक हेलीकॉप्टर जोशीमठ के नजदीक पांडुकेश्वर में भेड़ गदेरे की पहाड़ी पर क्रैश हो गया है। आपदा प्रबंधन की माने तो हादसे में हेलीकॉप्टर में सवार सभी छह लोगों की मौत हो गई है। जिलाधिकारी चमोली गौरव कुमार के अनुसार दुर्घटना के कारणों की जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। पांडुकेश्वर सड़क से सात किलोमीटर लगभग पैदल रास्ते पर घटनास्थल स्थित है। बताया जा रहा कि बदरीनाथ और ज्योशीमठ के नजदीक पांडुकेश्वर में भेड़ गदेरे की पहाड़ी पर यह हादसा हुआ है। हेलीकॉप्टर ट्रांस भारत कंपनी का है। जिसमें एक पायलट और पांच यात्री सवार थे। 

बद्रीनाथ से देहरादून जा रहा था
हेलीकॉप्टर बद्रीनाथ से देहरादून आ रहा था। जिसे सहस्रधारा हेलीपैड पर उतरना था। हादसे के बाद एहतियात के तौर पर मैसर्स ट्रांस भारत एविएशन प्राइवेट लिमिटेड के सभी हेलीकॉप्टरों की उड़ान पर रोक लगा दी गई है।  सीएम धामी ने इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट शेयर कर उक्त हादसे को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि चाई गांव, जोशीमठ के निकट हेलीकॉप्टर क्रैश होने की दुर्भाग्यपूर्ण सूचना प्राप्त हुई है।

हेलीकॉप्टर दुर्घटना में मृतकों के नाम
कैप्टन हिमांशु सभरवाल, उम्र 48 वर्ष, निवासी दिल्ली (पायलट)
प्रतापा, उम्र 41 वर्ष, निवासी कर्नाटक
अरुण सालुंके, उम्र 44 वर्ष, निवासी कर्नाटक
वीबी. शंकर गौड़ा, उम्र 39 वर्ष, निवासी कर्नाटक
सुधीर के., उम्र 50 वर्ष, निवासी कर्नाटक
एसएस नटराजा (सभी यात्री)
मृतकों में कर्नाटक पुलिस का एक सब इंस्पेक्टर अरूण सालुंके भी शामिल हैं।

खराब मौसम में भी जारी थी उड़ान
खराब मौसम के बाद भी शुक्रवार को बद्रीनाथ के लिए उड़ान जारी थीं। दोपहर एक बजकर पांच मिनट पर एक हेलीकॉप्टर ने उड़ान भरी जो देहरादून पहुंचा। एक बजकर 12 मिनट देहरादून के लिए दूसरे हेलीकॉप्टर ने उड़ान भरी। जो लापता हो गया। एक बजकर 20 मिनट फिर एक हेलीकॉप्टर ने बद्रीनाथ से उड़ान भरी। वह भी सुरक्षित देहरादून पहुंच गया। फिर पता चला कि 1.12 मिनट पर उड़ने वाला हेलीकॉप्टर लापता है। इसके बाद भी दोपहर 2.10, 2.15 और 2.22 उड़ान भरी गईं। देहरादून के लिए दिनभर में लगभग 12 हेलीकॉप्टरों ने उड़ान भरी।

pc- aaj tak