Weather Update: राजस्थान के कई जिलों में ओलो की बिछी चादर, बारिश से भी हाल बेहाल, आज भी कई जिलों के लिए अलर्ट

इंटरनेट डेस्क। राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ का असर भयंकर दिखाई दे रहा है। शुक्रवार को प्रदेश में कई जगहों पर आंधी के साथ बारिश हुई और उसके साथ ही जबरदस्त ओलावृष्टि भी। बारिश और ओलावृष्टि ने आमजन और किसानों दोनों को परेशान कर दिया। प्रदेश के कई जिलों में ओलों की मार देखी गई, जयपुर के चाकसू में ओलों की चादर बिछ गई और फसलों को भारी नुकसान भी हुआ।

आज भी बदलेगा मौसम
सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से आज बीकानेर, जोधपुर, जयपुर, अजमेर, भरतपुर, कोटा और उदयपुर संभाग के कुछ हिस्सों में तेज मेघगर्जन के साथ 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली आंधी और बारिश होने की प्रबल संभावना है। कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि भी हो सकती है। मौसम विभाग ने 4 अप्रैल (शनिवार) को उदयपुर, अजमेर, कोटा, जयपुर, भरतपुर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र के कुछ जिलों में तेज आंधी-बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है। रविवार 5 अप्रैल और सोमवार 6 अप्रैल को मौसम गतिविधियों में कुछ कमी आने की संभावना है। लेकिन 7 अप्रैल को एक और नया मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से राज्य के कई हिस्सों में फिर से तेज आंधी और बारिश का दौर शुरू हो सकता है।

इन 4 जिलों में भारी बारिश दर्ज
मौसम विज्ञान विभाग जयपुर केंद्र के अनुसार, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, बीकानेर और जैसलमेर जिलों में पिछले 24 घंटों के दौरान कहीं-कहीं भारी बारिश दर्ज की गई। श्रीगंगानगर के पदमपुर में सबसे ज्यादा 11.5 मिलीमीटर बारिश हुई, कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ ओलावृष्टि ने खेतों को सफेद चादर ओढ़ा दी। जयपुर में पूरे दिन बादल छाए रहे और कई इलाकों में बारिश के साथ ओलावृष्टि भी देखने को मिली।

pc- oneindiahindi