Weather Update: राजस्थान में आज से तेज बारिश का दौर होगा शुरू, जयपुर सहित इन जिलों के लिए अलर्ट जारी
- byShiv
- 28 Jul, 2026
इंटरनेट डेस्क। राजस्थान में एक बार फिर मानसून सक्रिय होने जा रहा हैं, बारिश को लेकर मौसम विभाग की और से नया अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र, जयपुर के अनुसार उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे पश्चिम बंगाल-उत्तरी ओडिशा तट पर बने गहरे अवदाब के कारण प्रदेश में बारिश का नया दौर शुरू होने वाला है। 28 जुलाई से राज्य के अधिकांश जिलों में मूसलाधार बारिश का दौर देखने को मिलेगा। 27 जुलाई को बीकानेर और जोधपुर संभाग के कुछ हिस्सों में मेघगर्जन के साथ मध्यम से तेज बारिश दर्ज की गई है।
आज से पूर्वी राजस्थान में बारिश
मौसम विभाग की माने तो 28 जुलाई से मानसून की गतिविधियों में तेजी आएगी। जयपुर, भरतपुर और कोटा संभाग में बारिश का दायरा बढ़ेगा और कई जगहों पर मध्यम से भारी बारिश दर्ज की जा सकती है। मौसम केंद्र जयपुर की ओर से जारी तात्कालिक चेतावनी के मुताबिक अलवर, जयपुर, दौसा, करौली, सवाई माधोपुर, धौलपुर, भरतपुर, भीलवाड़ा, टोंक, सिरोही, उदयपुर, सलूंबर, राजसमंद, जालोर, बारां और झालावाड़ जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
29 जुलाई से गती पकड़ेगा मानसून
मौसम विभाग की माने तो 29 जुलाई से बारिश की तीव्रता और अधिक बढ़ेगी। कोटा, भरतपुर, जयपुर, अजमेर, उदयपुर और बीकानेर संभाग के कई और हिस्सों में बारिश का प्रभाव देखा जाएगा। इस दौरान दक्षिण-पूर्वी एवं पूर्वी राजस्थान के कुछ जिलों में भारी से अतिभारी बारिश होने की प्रबल संभावना है। मौसम विभाग की मानें तो मानसून की यह तेजी 30 जुलाई से 2 अगस्त के दौरान भी बनी रहेगी।
pc- firstindianews.com






