Weather update: राजस्थान में हाड़ कंपा देने वाली सर्दी का दौर शुरू, माउंट में पारा जमाव बिंदु पर पहुंचा, शीतलहर का अलर्ट
- byShiv
- 11 Dec, 2024

इंटरनेट डेस्क। राजस्थान में मौसमे हाल बदल चुका है, ठंडी हवाएं लोगों को धूजणी छुड़ा रही है। न्यूनतम तापमान की बात करें तो तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। मंगलवार 10 दिसंबर से बर्फीली हवाओं ने प्रदेश के लोगों को कंपाना शुरू कर दिया है। सर्द हवाओं के चलते राजस्थान के सभी शहरों के तापमान में भारी गिरावट आई है। प्रदेश के अधिकतर शहरों का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया हैं। सबसे ज्यादा ठंडा सिरोही जिले का माउंट आबू रहा है। माउंट आबू में पारा जमाव बिंदु पर पहुंच गया है।
माउंट आबू में गिरा पारा
मीडिया रिपोटर्स की माने तो मंगलवार को माउंट आबू का न्यूनतम तापमान सिर्फ 1.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह तापमान सामान्य से 3 डिग्री नीचे है। सर्दी का प्रकोप काफी बढ गया है। लगभग सभी शहर ठंड की चपेट में है। सीकर, चूरू और हनुमानगढ़ के संगरिया का न्यूनतम तापमान भी 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया। इन तीनों शहरों का न्यूनतम तापमान मंगलवार को 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिलानी में 5.6, गंगानगर में 5.8, बारां में 6.4 और करौली का तापमान 6.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया हैं।
गिर रहा पारा
मौसम विभाग द्वारा जारी बुलेटिन के मुताबिक सबसे ज्यादा गिरावट कोटा में दर्ज की गई। वहां का न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.7 डिग्री कम दर्ज किया गया। अजमेर में 4.3 और जैसलमेर में भी सामान्य से 4 डिग्री सेल्सियस कम तापमान रिकॉर्ड किया गया। वैसे आपको बता दें कि मौसम विभाग पहले ही कह चुका हैं की इस बार सर्दी पिछले रिकॉर्ड तोड़ सकती है।
pc- first india news