Weather Update: राजस्थान में मौसम के अलग रंग, कुछ जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी तो कुछ में आंधी बारिश की चेतावनी
- byShiv
- 16 May, 2026
इंटरनेट डेस्क। राजस्थान में मौसम की आंख मिचोली चल रही हैं, दिन में तेज धूप और भयंकर लू के बाद शाम होते होते प्रदेश कई इलाकों में आंधी बारिश शुरू हो जाती है। जिससे शाम का मौसम ठंडा हो जाता है। हालांकि प्रदेश में हीटवेव के साथ आंधी बारिश का दौर जारी है, जिससे कुछ जिलों में लोगों को गर्मी से राहत मिली हुई है। प्रदेश के कुछ इलाकों में लू का कहर देखने को मिल रहा है। शुक्रवार को तापमान में भी करीब 2 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई है।
आज से फिर बदलेगा मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक, आज 16 मई से दिन के तापमान में बढ़ोतरी होगी और पश्चिमी राजस्थान में भीषण गर्मी पड़ेगी। हालांकि, पूर्वी राजस्थान के कुछ इलाकों में बारिश के चलते तापमान में जरूर गिरावट रह सकती है। झालावाड़, चित्तौड़गढ़, कोटा, बाड़मेर, जैसलमेर, जोधपुर और फलौदी जिले के लिए हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा अलवर, भरतपुर, दौसा, डीग, धौलपुर, करौली, खैरथल-तिजारा और कोटपुतली-बहरोड़ में आंधी-बारिश का येलो अलर्ट है।
फलोदी-चित्तौड़गढ़ में तापमान 44 डिग्री के पार
प्रदेश में सर्वाधिक तापमान फलोदी में 44.8 डिग्री दर्ज किया गया है। चित्तौड़गढ़ में भी तापमान 44.2 डिग्री तक पहुंच गया है। इसके अलावा जैसलमेर, अजमेर, भीलवाड़ा, अलवर, उदयपुर, कोटा, बीकानेर, जोधपुर, नागौर, करौली, दौसा, लूणकरणसर और पाली जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहा। वैसे इस बार भी राजस्थान में मानसून समय से पहले पहुंचने का अनुमान लगाया जा रहा है। इस बार 25 जून की जगह मानसून प्रदेश में 20 जून तक एंट्री ले सकता है।
pc- aaj tak






