Weather Update: राजस्थान में 9 जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट, कई जिलों में हुई मूसलाधार बारिश, जैसलमेर में पारा पहुंचा 44 डिग्री पार
- byShiv
- 07 Jul, 2026
इंटरनेट डेस्क। राजस्थान में मानसून पूरी तरह मेहरबान है। प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी है। बंगाल की खाड़ी में बने डिप्रेशन सिस्टम और मानसून ट्रफ के सक्रिय होने से प्रदेश के कई हिस्सों में आगे भी झमाझम बारिश का दौर जारी रहेगा। मौसम विभाग ने राज्य में 9 जुलाई तक भारी से अति भारी बारिश का दौर जारी रहने का अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
मौसम केंद्र जयपुर द्वारा जारी ताज़ा चेतावनी के अनुसार, जयपुर, अजमेर, उदयपुर और कोटा संभाग समेत प्रदेश के कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में मध्यम से तीव्र मेघगर्जन के साथ 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, आकाशीय बिजली गिरने और हल्की से मध्यम बारिश की प्रबल संभावना है। वहीं पिछले 24 घंटों में जोधपुर, पाली, जालोर और बाड़मेर जिलों में रिकॉर्ड 3 इंच तक पानी बरसा है। जोधपुर में मूसलाधार बारिश के बाद हाईवे पानी में डूब गए।
जारी किया ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग जयपुर के अनुसार, प्रदेश के कई हिस्सों में अचानक मौसम बिगड़ने का अनुमान है। ऑरेंज अलर्ट वाले प्रमुख जिलों में सलूम्बर, प्रतापगढ़, बांसवाड़ा, डूंगरपुर, उदयपुर, चित्तौड़गढ़, जयपुर, अलवर, अजमेर, दौसा, सवाई माधोपुर, टोंक, बूंदी और भीलवाड़ा शामिल हैं। इन जिलों में कहीं-कहीं मध्यम से तीव्र मेघगर्जन के साथ अचानक 40-60 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर के मुताबिक, पूर्वी भारत में बंगाल की खाड़ी में बना डिप्रेशन सिस्टम अब आगे बढ़कर दक्षिण-पूर्वी झारखंड तक पहुंच गया है। वहीं पश्चिमी राजस्थान के कुछ जिले सोमवार को दिनभर तेज गर्मी और उमस से बेहाल रहे। जैसलमेर में पारा 44.5 डिग्री तक जा पहुंचा।
pc- amar ujala






