Weather Update: गर्मी के लिहाज से राजस्थान में आज और कल का दिन गंभीर, तापमान जा सकता हैं 47 डिग्री के पार
- byShiv
- 26 May, 2026
इंटरनेट डेस्क। राजस्थान में इस समय गर्मी कहर ढा रही है। मौसम विभाग जयपुर केंद्र के अनुसार राज्य के अधिकांश हिस्सों में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप जारी है। दिन के साथ-साथ रात को भी लोगों को आराम नहीं है। कूलर, एसी सब फैल हो रहे है। कई जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है, जबकि गर्म हवाओं और कम आर्द्रता के कारण हालात और अधिक गंभीर बने हुए हैं। लगातार बढ़ते तापमान के कारण दोपहर के समय सड़कें सूनी नजर आने लगी हैं और लोग घरों में रहने को मजबूर हैं।
रात के तापमान में भी राहत नहीं
मौसम विभाग की माने तो हालात यह हैं की लोगों को रात के तापमान में भी खास राहत नहीं मिल रही है। फलोदी में न्यूनतम तापमान 32.8 डिग्री और कोटा में 32.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जिससे रातभर गर्मी बनी रही। मौसम विभाग की चेतावनी के अनुसार जैसलमेर और फलोदी में अति उष्ण लहर और उष्ण रात्रि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। यहां दिन और रात दोनों समय अत्यधिक गर्मी रहने की संभावना है। वहीं बाड़मेर, बीकानेर, चूरू, जोधपुर, हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर, भरतपुर, धौलपुर, डीग, करौली और कोटा समेत कई जिलों में लू चलने का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
इन जिलों में फिलहाल राहत
हालांकि राज्य के कुछ जिलों में मौसम को लेकर फिलहाल कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है। जालौर, पाली, नागौर, उदयपुर, सिरोही और राजसमंद जैसे क्षेत्रों को ग्रीन जोन में रखा गया है। मौसम विभाग के अनुसार 26 और 27 मई को पश्चिमी राजस्थान के कई हिस्सों में तापमान 46 से 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इसके चलते स्थिति और गंभीर हो सकती है। राजस्थानवासियों के लिए राहत की खबर यह है कि 28 मई से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। इसके प्रभाव से 28 और 29 मई को कई इलाकों में तेज आंधी और हल्की बारिश हो सकती है।
pc- aaj tak






