Weather Update: राजस्थान में मानसूनी बारिश का दौर, आज के लिए अलर्ट किया जारी, जयपुर में छाए बादल

इंटरनेट डेस्क। राजस्थान में मानसून बारिश का दौर जारी है। राजधानी जयपुर में हल्की बूंदाबांदी देखने को मिल रही है। आसमान में बादल छाए हुए हैं, आईएमडी के ताजा अपडेट के अनुसार, मानसून ने उत्तर अरब सागर के कुछ और हिस्सों के साथ पूरे गुजरात तथा राजस्थान के अतिरिक्त इलाकों में आगे बढ़त दर्ज की है। फिलहाल मानसून की उत्तरी सीमा बाड़मेर, जोधपुर और चुरू के  राजगढ़ से होकर गुजर रही है। जयपुर मौसम केन्द्र का कहना है कि अगले दो से तीन दिनों में मानसून राजस्थान के शेष हिस्सों में भी पूरी तरह फैल सकता है।

अलर्ट जारी किया
मौसम विभाग ने पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान के 40 जिलों में  मेघगर्जन, वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया है।  वहीं राजस्थान के कई जिलों में बारिश की गतिविधियां तेज होने के आसार हैं। पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में भारी से अतिभारी बारिश का दौर शुरू होने की संभावना जताई गई है, जबकि पश्चिमी राजस्थान में भी मेघगर्जन, तेज हवाओं और अच्छी बारिश की स्थिति बन रही है।

पूर्वी राजस्थान में भारी बारिश का अलर्ट जारी

जयपुर मौसम केंद्र ने 8 और 9 जुलाई के लिए दक्षिण-पूर्वी और पूर्वी राजस्थान में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। उदयपुर, कोटा संभाग और आसपास के क्षेत्रों में कहीं-कहीं अतिभारी बारिश हो सकती है। हालांकि 10 जुलाई से भारी बारिश की गतिविधियों में धीरे-धीरे कमी आने की संभावना भी जताई गई है। 8 जुलाई यानी बुधवार को बारां, झालावाड़ और कोटा जिलों में अतिभारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। पूर्वी राजस्थान के अजमेर, बांसवाड़ा, चित्तौड़गढ़, डूंगरपुर, प्रतापगढ़, सलूम्बर, उदयपुर, अलवर, ब्यावर, भरतपुर, भीलवाड़ा, बूंदी, दौसा, डीग, धौलपुर, जयपुर, झुंझुनूं, करौली, खैरथल-तिजारा, कोटपूतली-बहरोड़, राजसमंद, सवाई माधोपुर, सीकर, सिरोही और टोंक में भी मेघगर्जन, आकाशीय बिजली और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है।

pc- ndtv india