Weather Update: राजस्थान में मानसून सुस्त, आज कुछ जिलों में बारिश का येलो अलर्ट, लोगों को सता रही उमस

इंटरनेट डेस्क। राजस्थान में मानसून इस समय बिलकुल कमजोर स्थिति में है। प्रदेश में कही से भी अच्छी बारिश की खबर नहीं है। 24 अगस्त को प्रदेश के कुछ हिस्सों में मौसम का मिजाज बदल सकता है। आईएमडी ने पूर्वी राजस्थान के कई जिलों में बारिश, मेघगर्जन, वज्रपात और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है। जयपुर, भरतपुर, कोटा, अजमेर और उदयपुर संभागों में कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना है, जबकि बीकानेर और जोधपुर संभागों में भी कहीं-कहीं बारिश हो सकती है।

यहां के लिए येलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने पूर्वी राजस्थान के अलवर, बारां, भरतपुर, बूंदी, दौसा, डीग, धौलपुर, जयपुर, झालावाड़, करौली, खैरथल-तिजारा, कोटा, कोटपूतली-बहरोड़, सवाई माधोपुर और टोंक में मेघगर्जन के साथ बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने का येलो अलर्ट जारी किया है। हालांकि पूरे प्रदेश में तेज बारिश का दौर नहीं रहेगा। पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभागों में अगले एक सप्ताह तक मौसम मुख्यतः शुष्क रहने का अनुमान है।

25 से 27 अगस्त तक ऐसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग जयपुर के मुताबिक 25 से 27 अगस्त के बीच कोटा, भरतपुर और जयपुर संभाग के पूर्वी हिस्सों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में कहीं-कहीं मध्यम से तेज बारिश होने की संभावना है। वहीं पूर्वी राजस्थान में बारिश की गतिविधियां धीरे-धीरे कमजोर पड़ने का अनुमान है। पश्चिमी राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में इस दौरान मौसम मुख्यतः शुष्क रहेगा।

pc- awazthevoice.in