Weather Update: राजस्थान में 29 जुलाई से फिर सक्रिय होगा मानसून, आज पूर्वी जिलों में बारिश के आसार, तेज धूप ने छुड़ाए पसीने
- byShiv
- 27 Jul, 2026
इंटरनेट डेस्क। राजस्थान में एक बार फिर से मानसून की रफ्तार थोड़ी धीमी पड़ गई है। आज के हालात यह हैं की फिर से प्रदेश में लोगों को तेज धूप का सामना करना पड़ रहा है। आईएमडी और जयपुर मौसम केंद्र के ताजा अपडेट के अनुसार, पश्चिमी राजस्थान और आसपास के क्षेत्र पर बना लो प्रेशर एरिया अब कमजोर होकर चक्रवाती परिसंचरण में बदल गया है। इसके चलते 27 जुलाई को राज्य के अधिकांश हिस्सों में मानसून अपेक्षाकृत कमजोर रहेगा।
29 जुलाई से फिर बदलेगा मौसम
दूसरी ओर, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र अब डिप्रेशन में बदल चुका है और अगले 24 घंटे में इसके और मजबूत होकर डीप डिप्रेशन बनने की संभावना है। इसी सिस्टम के प्रभाव से 28 जुलाई से पूर्वी राजस्थान में मानसून एक बार फिर सक्रिय होगा, जबकि 29 जुलाई से 2 अगस्त के बीच राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियां तेज होने के संकेत हैं। इस दौरान पूर्वी और उत्तर-पश्चिमी राजस्थान के कई जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
पूर्वी राजस्थान के इन जिलों में बारिश के आसार
जयपुर मौसम केन्द्र ने सोमवार के लिए पूर्वी राजस्थान के अजमेर, अलवर, बारां, भरतपुर, बूंदी, दौसा, डीग, धौलपुर, झालावाड़, करौली, खैरथल-तिजारा, कोटा, कोटपूतली-बहरोड़ और सवाई माधोपुर में मेघगर्जन और वज्रपात को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा जयपुर, भरतपुर, कोटा, अजमेर और उदयपुर संभाग के कई स्थानों पर तथा बीकानेर और जोधपुर संभाग के कुछ इलाकों में बारिश होने की संभावना है।
pc- abp news





