Weather Update: राजस्थान में आज से सक्रिय होगा मानसून, 23 से 27 जुलाई के बीच अच्छी बारिश के संकेत
- byShiv
- 21 Jul, 2026
इंटरनेट डेस्क। राजस्थान में पिछले कुछ दिनों से कमजोर पड़ा मानसून अब फिर से सक्रिय होता दिख रहा है। राजस्थान राजधानी सहित कई जिलों में सोमवार को छितराई बारिश हुई। मौसम विभाग की मान तो 21 जुलाई यानी आज से प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने की प्रबल संभावना है। बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमीयुक्त मानसूनी हवाओं के मजबूत होने और मानसून ट्रफ के सामान्य स्थिति की ओर लौटने से पूर्वी और उत्तर-पूर्वी राजस्थान में बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी। इसके बाद 23 से 27 जुलाई के बीच प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मानसून पूरी तरह सक्रिय रहने का अनुमान है।
बढ़ेगी बारिश की गतिविधियां
जयपुर मौसम विज्ञान केंद्र की माने तो 21 और 22 जुलाई से कोटा, जयपुर, भरतपुर, अजमेर और बीकानेर संभाग में बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी। इस दौरान जयपुर और भरतपुर संभाग के कुछ जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। 23 से 27 जुलाई के बीच कोटा, अजमेर, उदयपुर, जयपुर, भरतपुर, जोधपुर और बीकानेर संभाग में मानसून सक्रिय रहने तथा लगातार बारिश का दौर जारी रहने की प्रबल संभावना है।
इन जिलों के लिए अलर्ट
मौसम विभाग की माने तो पूर्वी राजस्थान के अजमेर, अलवर, बांसवाड़ा, बारां, भरतपुर, भीलवाड़ा, बूंदी, चित्तौड़गढ़, दौसा, डीग, डूंगरपुर, जयपुर, झालावाड़, झुंझुनूं, करौली, कोटा, प्रतापगढ़, राजसमंद, सलूंबर, सवाई माधोपुर, सीकर, टोंक और उदयपुर में मेघगर्जन, वज्रपात तथा 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है। वहीं पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर, चूरू, डीडवाना-कुचामन, हनुमानगढ़, नागौर और श्रीगंगानगर में भी इसी तरह का अलर्ट जारी किया गया है।
pc- etv bharat





