Weather Update: राजस्थान में आज से मानसून पड़ेगा कमजोर, कई इलाकों में जारी रहेगा हल्की से मध्यम बारिश का दौर
- byShiv
- 14 Aug, 2026
इंटरनेट डेस्क। राजस्थान में आज से एक बार फिर से मानसून कमजोर पड़ने वाला है। लोगों को उमस और गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। आईएमडी के ताजा अपडेट के अनुसार 14 अगस्त से जोधपुर, उदयपुर और अजमेर संभाग के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियां कमजोर होने की संभावना है। हालांकि प्रदेश के उत्तरी, पूर्वी और उत्तर-पूर्वी हिस्सों में मौसम पूरी तरह साफ नहीं होगा। जयपुर, भरतपुर, कोटा और बीकानेर संभाग के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दौर जारी रह सकता है।
मौसम विभाग ने 15 अगस्त से उत्तरी और उत्तर-पूर्वी राजस्थान को छोड़कर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियों में कमी आने की प्रबल संभावना जताई है। इसका मतलब यह नहीं है कि बारिश पूरी तरह बंद हो जाएगी, जयपुर, भरतपुर, कोटा, सवाई माधोपुर, टोंक, सीकर, अलवर और आसपास के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं जोधपुर, फलोदी, जैसलमेर, बाड़मेर, बालोतरा, जालोर, पाली और पश्चिमी नागौर में मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रहने की संभावना है।
आज इन जिलों में येलो अलर्ट
पूर्वी राजस्थान के अजमेर, अलवर, बारां, भरतपुर, भीलवाड़ा, बूंदी, चित्तौड़गढ़, दौसा, डीग, धौलपुर, जयपुर, झालावाड़, झुंझुनूं, करौली, खैरथल-तिजारा, कोटा, कोटपूतली-बहरोड़, सवाई माधोपुर, सीकर और टोंक में मेघगर्जन, वज्रपात और 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इन क्षेत्रों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है, वहीं पश्चिमी राजस्थान के डीडवाना-कुचामन में भी गरज-चमक, वज्रपात और तेज हवाओं का अलर्ट है।
pc- amar ujala




