Weather Update: राजस्थान में आंधी बारिश के कारण गर्मी से लोगों को राहत, आज भी अलर्ट जारी, नया विक्षोभ हो रहा सक्रिय
- byShiv
- 02 Jun, 2026
इंटरनेट डेस्क। राजस्थान के मौसम में अभी बदलाव देखने को मिल रहा है। तेज धूप और लू से लोगों को राहत मिल गई है। बारिश और आंधी के कारण तापमान में गिरावट देखने को मिली है। नौतपा के शुरुआती 4 दिनों में गर्मी से बेहाल लोगों को आखिरी दिनों में आंधी तूफान ने राहत पहुंचाई है। सोमवार दोपहर बाद भी प्रदेश के कई इलाकों में तेज हवा के साथ बरसात हुई। इसके साथ ही तापमान में भी गिरावट दर्ज हुई। शाम होते होते मौसम भी ठंडा हो गया।
आंधी तूफान का अलर्ट
प्रदेश में आज भी आंधी तूफान का अलर्ट है, मौसम विभाग ने आज अलवर, बारां, भरतपुर, बूंदी, चित्तौड़गढ़, दौसा, डीग, धौलपुर, जयपुर, झुंझनू, झालावाड़, करौली, खैरथल तिजारा, कोटा, कोटपुतली बहरोड़, सवाईमाधोपुर, सीकर, टोंक बीकानेर, चूरू, हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर जिले के लिए आंधी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं बारिश से किसानों के चेहरों पर खुशी देखी जा रही है।
नया विक्षोभ हो रहा सक्रिय
मौसम विभाग की माने तो आगे आने वाले दो दिनों में एक नया पश्चिमी विक्षोभ भी प्रदेश में सक्रिय होने जा रहा है। 3 और 4 जून को इस नए वेदर सिस्टम से बीकानेर, जयपुर, भरतपुर, अजमेर संभाग के कुछ भागों में तेज आंधी बारिश की गतिविधियों में फिर से बढ़ोतरी होने की संभावना है। वहीं तापमान की बात करें तो पिछले 24 घंटे में 43.8 डिग्री सेल्सियस के साथ फलोदी सबसे गर्म रहा। इसके साथ ही बाड़मेर में 41.8, जैसलमेर में 41.4, श्रीगंगानगर में 40.4, बीकानेर में 40.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।
pc- aaj tak






