Weather update: राजस्थान में आज से शुरू होगा बारिश का दौर, फिर से बढ़ेगी सर्दी, जयपुर में छाएं बादल

इंटरनेट डेस्क। राजस्थान में हाल ही में हुई बारिश और ओलावृष्टि के बाद मौसम फिर बदल गया है, बारिश के बाद ठंड ने जोर पकड़ लिया है। लेकिन अब एक बार फिर से बारिश आने के संकेत है। जानकारी के अनुसार आज से फिर प्रदेश में नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है। जिसके बाद बारिश के आसार है, सुबह से जयपुर में बादल छाएं हुए है। वहीं प्रदेश में हल्की शीतलहर चलने और तापमान में और गिरावट की संभावना है।

पश्चिमी विक्षोभ होगा सक्रिय
मौसम विभाग के अनुसार, आज यानी 31 जनवरी से एक मजबूत वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव होगा, जिससे जयपुर, भरतपुर, बीकानेर और कोटा संभाग में बादल छाए रहने के साथ ही कुछ जगहों पर हल्की बारिश और ओले गिरने की संभावना है। इसका असर 2 फरवरी तक रहेगा। मौसम विभाग की डेली डाटा रिपोर्ट के अनुसार, पिछले 24 घंटे के दौरान राजस्थान में मौसम शुष्क रहा। तापमान की बात करें तो राज्य में सर्वाधिक अधिकतम तापमान बाड़मेर में 25.6 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान सिरोही में 4.9 डिग्री दर्ज किया गया।

हो सकती हैं ओलावृष्टि
मौसम विभाग ने पश्चिमी और पूर्वी राजस्थान में 31 जनवरी को ओलावृष्टि और गरज चमक के साथ बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। जिसमें अजमेर, कोटा, जयपुर, भरतपुर संभाग सहित शेखावाटी क्षेत्र के जिले शामिल है। वहीं 1 और 2 फरवरी को भी उत्तरी और पूर्वी राजस्थान के अजमेर, कोटा, जयपुर और भरतपुर संभाग में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश अथवा मावठ का दौर जारी रह सकता है।

pc- haribhoomi.com