Weather Update: राजस्थान में बारिश का दौर जारी, आज कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी, कुछ ही घंटों में बरसेंगे मेघ

इंटरनेट डेस्क। राजस्थान में मानसून इस समय पूर्ण तरीके से सक्रिय है, प्रदेश के कई जिलों में झमाझम बारिश का दौर जारी है। राजस्थान के कई हिस्सों में आज भी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है, दक्षिणी और दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में बारिश की गतिविधियां ज्यादा रह सकती है। कोटा, उदयपुर और अजमेर संभाग में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है, जबकि दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में एक-दो स्थानों पर अतिभारी बारिश की भी आशंका है।

बीकानेर से गुजर रही मानसून ट्रफ लाइन
मौसम विभाग जयपुर के अनुसार मानसून ट्रफ लाइन फिलहाल बीकानेर, मध्य प्रदेश में बने कम दबाव के क्षेत्र, दतिया, डेहरी, बांकोरा और दीघा से होते हुए बंगाल की खाड़ी की ओर जा रही है, यह समुद्र तल से करीब 1.5 किलोमीटर की ऊंचाई तक सक्रिय है। 11 अगस्त यानी आज पूर्वी राजस्थान के जयपुर, भरतपुर, कोटा और उदयपुर संभाग में कई स्थानों पर बारिश होने की संभावना है।  बारां, बूंदी, झालावाड़, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़ और कोटा में भारी बारिश के साथ मेघगर्जन, वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं।

ऑरेंज अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने बारां, भीलवाड़ा बूंदी, चित्तौड़गढ़, झालावाड़, कोटा, बारां, बूंदी और झालावाड़ में भारी बारिश के साथ तेज हवाओं का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। उदयपुर, बांसवाड़ा, डूंगरपुर, चित्तौड़गढ़, प्रतापगढ़ और आसपास के इलाकों में भी बारिश की गतिविधियां तेज रह सकती हैं, अजमेर, भीलवाड़ा और टोंक में कुछ स्थानों पर भारी बारिश के आसार हैं। जयपुर, दौसा, करौली, राजसमंद, सलूंबर, सवाई माधोपुर, सिरोही और अन्य जिलों में मेघगर्जन के साथ वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का येलो अलर्ट है।

pc- india tv hindi