Weather update: राजस्थान में तापमान पहुंचा 35 डिग्री के पार, लोगों को सताने लगी गर्मी, कल से बारिश के आसार

इंटरनेट डेस्क। राजस्थान में गर्मियों की शुरूआत हो चुकी हैं, प्रदेश में कई इलाकों में पारा 34 डिग्री के पार पहुंच चुका है। अभी फरवरी का महीना आधा ही गया हैं, लेकिन हालात को देखकर लग रहा हैं की इस बार गर्मी प्रचंड पड़ने वाली है। राजधानी जयपुर में भी कल दिन में धूप में तेजी देखी गई और इसके साथ ही धूलभरी आंधी हवाएं चलती रही। हालांकि मौसम विभाग राजस्थान में फिर से एक नए वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के संकेत दे रहा है। इसके कारण मौसम में फिर से एक बार करवट देखने को मिल सकती है।

बदल रहा मौसम
हालांकि हालात यह हैं कि राज्य में पश्चिमी हिस्से बाड़मेर और जैसलमेर जैसे जिलों में फरवरी में ही मार्च जैसी गर्मी का अहसास होने लगा है। रविवार को जैसलमेर, जोधपुर, फलोदी, बीकानेर, चूरू, नागौर, चित्तौड़गढ़, जालौर, लूणकरणसर, पाली और डूंगरपुर में भी दिन में गर्मी रही। मौसम विभाग ने 17 और 18 फरवरी 2026 को राजस्थान के कुछ हिस्सों में छिटपुट वर्षा के संकेत दिए है। 

बाड़मेर में गर्मी की शुरूआत
मौसम विभाग की माने तो रविवार को राज्य में मौसम शुष्क रहा। तापमान की बात करें तो राज्य में सर्वाधिक अधिकतम तापमान बाड़मेर में 35.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान पाली में 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग की माने तो एक नए वेस्टर्न डिस्टर्बेंस की दस्तक हो चुकी है। इसके असर से उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में गरज के साथ बारिश हो सकती है। इसके असर से, 17-18 फरवरी को जयपुर, बीकानेर संभाग में बादल छा सकते हैं और कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है।

pc- firstindianews.com