Weather Update: राजस्थान में बदला मौसम, आज भी कई जिलों में बारिश और तेज आंधी का अलर्ट, लोगों को गर्मी से राहत

इंटरनेट डेस्क। राजस्थान में प्री-मानसून की गतिविधियां तेज हो रही है। पिछले दो दिनों से प्रदेश में मौसम बदल रहा है। कई जगहों पर आंधी बारिश का दौर चल रहा है। राजधानी जयपुर में कल दोपरहर बाद मौसम बदला और बादल छाने के बाद शाम को हल्की बारिश देखने को मिली। वहीं भारतीय मौसम विभाग के जयपुर केंद्र ने राज्य के कई जिलों के लिए बारिश, मेघगर्जन और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। पश्चिमी विक्षोभ और सक्रिय ट्रफ लाइन के प्रभाव से जयपुर, सीकर, झुंझुनूं, दौसा, अलवर, भरतपुर और कोटा सहित कई जिलों में मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आ रहा है।

मौसम विभाग का अलर्ट
मौसम विभाग नेे कुछ स्थानों पर 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी अलर्ट जारी किया है। आज वज्रपात की घटनाएं भी देखने को मिल सकती हैं।इसके साथ ही मौसम विभाग ने अगले चार से पांच दिनों तक पूर्वी राजस्थान में बारिश की गतिविधियां बने रहने का संकेत दिया है। बीकानेर, अजमेर, कोटा और भरतपुर संभाग में भी आंधी और बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। 

तापमान में गिरावट
वैसे लोगों को बदलते मौसम के बीच में गर्मी से राहत मिली है। बीते रविवार से ही राज्य के अधिकांश हिस्सों में तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है, जिससे आम लोगों ने राहत की सांस ली है। लू का प्रकोप अब पूरी तरह समाप्त हो चुका है और मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक प्रदेश के वातावरण में ठंडक बनी रहने की प्रबल संभावना है। मौसम विभाग ने सोमवार के लिए व्यापक चेतावनी जारी करते हुए राज्य के 7 जिलों के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया है, जहां तेज हवाओं के साथ भारी बारिश होने की आशंका है। इसके अतिरिक्त, 11 जिलों के लिए ‘यलो अलर्ट’ जारी कर लोगों को सचेत रहने की सलाह दी गई है। इन क्षेत्रों में मेघगर्जन और आंधी-तूफान के साथ ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है।

pc-patrika