Weather Update: राजस्थान में 29 अक्टूबर से बदलेगा मौसम, आंधी बारिश के आसार, बढ़ेगी सर्दी

इंटरनेट डेस्क। राजस्थान में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने जा रहा है। भारतीय मौसम विभाग की माने तो वर्तमान में राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क और साफ बना हुआ है। आज 27 अक्टूबर को बारिश की कोई संभावना नहीं है और आसमान साफ रहेगा। दिन के समय हल्की गर्मी का अहसास हो सकता है, जबकि सुबह और शाम के वक्त हल्की ठंडक महसूस की जा रही है।

नया विक्षोभ हो रहा एक्टिव
मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, राज्य में जल्द ही मौसम का एक नया दौर शुरू होने वाला है। 27 अक्टूबर की रात से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। इस सिस्टम के प्रभाव से 29 और 30 अक्टूबर को राजस्थान के कई जिलों में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल जाएगा। पूर्वी राजस्थान के कुछ चुनिंदा संभागों में मेघगर्जन और तेज हवाओं के साथ बारिश होने का अनुमान जताया है।

यह दिखेगा मौसम का असर
मौसम विभाग के अनुसार, कोटा और अजमेर संभाग के कुछ भागों में भी 29 और 30 अक्टूबर को मौसम खराब हो सकता है। भरतपुर संभाग के विभिन्न हिस्सों में भी आगामी 29 और 30 अक्टूबर को पश्चिमी विक्षोभ का असर साफ दिखाई देगा। यहाँ कहीं-कहीं तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश दर्ज की जा सकती है। पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग के पूर्वी भागों में भी 29 और 30 अक्टूबर को मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा।

pc- etv bharat