Weather Update: 2 सितंबर से बदलेगा राजस्थान में मौसम, हो सकती हैं बारिश, बढ़ सकती हैं मानसून की गतिविधियां

इंटरनेट डेस्क। राजस्थान में इस समय सुस्त पड़े मानसून के एक बार फिर से एक्टिव होने के संकेत है। मौसम विभाग की माने तो राजस्थान में सितंबर की शुरुआत मौसम के लिहाज से राहत और बदलाव दोनों लेकर आ रही है। पूर्वी राजस्थान के भरतपुर और उदयपुर संभागों में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है, इस दौरान किसी भी जिले के लिए भारी या अति भारी बारिश का विशेष अलर्ट जारी नहीं किया गया है। आईएमडी के अनुसार, प्रदेश में सबसे अधिक तापमान श्रीगंगानगर में 38.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

आज के लिए कोई विशेष चेतावनी नहीं
मौसम विभाग की माने तो 1 सितंबर को राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। पूर्वी राजस्थान के भरतपुर और उदयपुर संभागों में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है, लेकिन इसे व्यापक बारिश का दौर नहीं माना जा रहा है। जयपुर, अजमेर, कोटा समेत पूर्वी राजस्थान के अन्य हिस्सों के लिए कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है।

2-3 सितंबर से बढ़ सकती है मानसूनी गतिविधि
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार, भरतपुर और जयपुर संभाग के कुछ हिस्सों में 2-3 सितंबर से बारिश का नया दौर शुरू हो सकता है। 2 सितंबर से पूर्वी राजस्थान के कुछ इलाकों में स्थानीय स्तर पर बादल विकसित होने और खंड वर्षा की गतिविधियां शुरू होने की संभावना है। इसके बाद 3 सितंबर को कोटा, बूंदी, बारां, झालावाड़, जयपुर, अलवर, भरतपुर, चूरू, सीकर, झुंझुनूं, उदयपुर, चित्तौड़गढ़ और अजमेर संभाग के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है।  इस दौरान टोंक, सवाई माधोपुर, कोटा, जयपुर, अलवर, भरतपुर और शेखावाटी क्षेत्र में बारिश की गतिविधियां अन्य इलाकों की तुलना में अधिक रहने की संभावना है। आईएमडी के अनुसार 4 से 7 सितंबर के दौरान भरतपुर, कोटा, जयपुर, अजमेर और उदयपुर संभाग में मेघगर्जन के साथ बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी हो सकती है।

pc - aaj tak