Weather Update: राजस्थान में आज से बदलेगा मौसम, बारिश का नया दौर होगा शुरू, इन जिलों के लिए अलर्ट हुआ जारी

इंटरनेट डेस्क। राजस्थान में मौसम का मिजाज अभी बदला हुआ हैं, बारिश का दौर धीमा पड़ा हुआ हैं और अभी प्रदेश में ना के बराबर बारिश हो रही है। हालांकि मौसम विभाग ने एक बार फिर से बारिश के संकेत दिए है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग और मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार राज्य में अगले कुछ दिनों के भीतर मानसून की गतिविधियां फिर से जोर पकड़ेंगी। पूर्वी राजस्थान के बड़े हिस्से में बारिश की गतिविधियों में उल्लेखनीय बढ़ोतरी होने की प्रबल संभावना है।

आज कल में शुरू होगा बारिश का दौर
मौसम विभाग के अनुसार भरतपुर और जयपुर संभाग में 2 और 3 सितंबर से ही बारिश का नया दौर शुरू हो जाएगा, इसके बाद 4 सितंबर से लेकर 7 सितंबर के दौरान राज्य के पूर्वी इलाकों में बारिश की तीव्रता काफी बढ़ जाएगी। इस अवधि में कोटा, जयपुर, अजमेर, भरतपुर और उदयपुर संभाग में कई जगहों पर मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम वर्षा होने का अनुमान है। विशेष रूप से कोटा संभाग और उसके आसपास के जिलों में मध्यम से तेज और कहीं-कहीं भारी बारिश होने की चेतावनी दी गई है।

यहां के लिए अलर्ट हुआ जारी
कोटा और उसके आसपास के क्षेत्रों के लिए मौसम विभाग ने विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। 4 और 5 सितंबर को कोटा, झालावाड़, बारां और सवाई माधोपुर जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। इसके साथ ही इन इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से झोंकेदार हवाएं चलने और आकाशीय बिजली चमकने (वज्रपात) की आशंका जताई गई है। राजधानी जयपुर और भरतपुर संभाग के जिलों जैसे अलवर, दौसा, धौलपुर, करौली और डीग में 3 सितंबर से ही बादलों की आवाजाही और मेघगर्जन की गतिविधियां देखने को मिलेंगी। 4 और 5 सितंबर को जयपुर और भरतपुर संभाग में गरज-चमक के साथ मध्यम स्तर की बारिश होने का अनुमान है।

pc- tv9