Weather Update: राजस्थान में सर्दी का असर हुआ कम, विक्षोभ के असर से तापमान में हो सकती हैं बढ़ोतरी, जाने कैसा रहेगा मौसम

इंटरनेट डेस्क। राजस्थान में कड़ाके की सर्दी का दौर शुरू हो चुका हैं, लेकिन इस सर्दी का असर एक दो दिन से कम दिखाई दे रहा है। प्रदेश में एक पश्चिमी विक्षोभ का असर देखने को मिल रहा है। रविवार को कमजोर सिस्टम के असर से जोधपुर, जैसलमेर सहित पश्चिमी राजस्थान के कई जिलों में हल्के बादल छाए रहे, हालांकि बारिश की स्थिति नहीं बनी। बादल छाने और पश्चिमी हवाएं चलने से उत्तर से आ रही बर्फीली हवा की तीव्रता कुछ कम हुई, जिससे प्रदेश के कई हिस्सों को राहत मिली।

पश्चिमी विक्षोभ का दिखेगा असर
मौसम विभाग की माने तो कई जिलों में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक पश्चिमी विक्षोभ का आंशिक प्रभाव जारी रहेगा, जबकि आगामी एक सप्ताह तक प्रदेश में मौसम साफ रहने की संभावना है। वहीं, शेखावाटी बेल्ट में पिछले 24 घंटे कड़ाके की सर्दी का असर देखने को मिला, इसके अलावा बाड़मेर, जैसलमेर, बीकानेर और गंगानगर में ऊंचाई पर बादल छाए रहने से धूप कमजोर रही और अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई।

बदलेगा मौसम
राजस्थान के मौसम में मामूली बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम केन्द्र जयपुर की माने तो नए कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से अगले दो से तीन दिनों तक राज्य के कुछ हिस्सों में हल्के बादल छाए रह सकते हैं, हालांकि, पूरे प्रदेश में एक सप्ताह तक मौसम शुष्क और साफ रहने की संभावना बनी हुई है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज होने की उम्मीद है।

pc- D bhaskar