West Bengal: पूर्व सरकारी बस चालक के पास मिले 28.5 करोड़ रुपये नकद और 15 किलो सोना, नोटो का लगा था घर में पहाड़
- byShiv
- 30 Jul, 2026
इंटरनेट डेस्क। बंगाल के बीरभूम जिले में पुलिस ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 28.5 करोड़ रुपये नकद और करीब 15 किलो सोना बरामद किया हैं। मीडिया रिपोटर्स की माने तो पुलिस ने देउचा गांव में पूर्व सरकारी बस चालक और बाद में पत्थर कारोबारी बने मिनार मंडल के दो मंजिला मकान में तलाशी ली तो यह रकम और सोना बरामद किया। नकदी कई बैग में रखी गई थी और उसकी गिनती के दौरान रकम 28.5 करोड़ रुपये से अधिक हो चुकी थी।
मिला इतना माल
पुलिस के मुताबिक, मकान से एक-एक किलो वजन की 14 सोने की छड़ें और 100-100 ग्राम वजन के 10 सोने के बिस्कुट मिले हैं। मौजूदा बाजार भाव के अनुसार इनकी कीमत करीब 21.5 करोड़ रुपये आंकी गई है। मिनार मंडल और उसके बेटे को तलाशी के दौरान हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
जांचकर्ता लगा रहे पता
जांचकर्ता यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि कहीं अन्य स्थानों पर भी नकदी या संपत्ति तो नहीं छिपाई गई है। नकदी की गिनती के लिए नोट गिनने वाली मशीनें मंगाई गईं। बरामद रुपये को ले जाने के लिए बड़े-बड़े ट्रंक भी लाए गए। पुलिस के अनुसार मिनार, फरार कारोबारी टुल्लू मंडल उर्फ मोहम्मद नजीबुद्दीन का बहनोई है। टुल्लू का बीरभूम के पत्थर खदान कारोबार में काफी प्रभाव बताया जाता है। टुल्लू मंडल को कभी पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तत्कालीन सरकार में प्रभावशाली नेता अनुब्रत मंडल का करीबी बताया जाता था। पुलिस सूत्रों का दावा है कि मिनार इलाके के सात टोल गेट में से एक का संचालन करता था, जहां पत्थर खदानों से आने वाले ट्रकों से परिवहन शुल्क वसूला जाता था। आरोप है कि सरकारी राजस्व के लिए वसूली गई बड़ी रकम में गड़बड़ी की गई और बरामद धन उसी अवैध कमाई का हिस्सा हो सकता है।
pc- navbharat






