जब शाह-नड्डा नहीं माने, लेकिन संघ ने अड़ा रुख अपनाया! जानिए रेखा गुप्ता के सीएम बनने की पूरी कहानी

दिल्ली की शालीमार विधानसभा सीट से विधायक रेखा गुप्ता को अगली मुख्यमंत्री घोषित किया गया है। बुधवार को उनके नाम की आधिकारिक घोषणा की गई। आइए जानते हैं, उनके सीएम बनने की पूरी अंदरूनी कहानी।

संघ के फैसले के आगे झुका बीजेपी नेतृत्व

रिपोर्ट्स के अनुसार, कुछ दिनों पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आवास पर एक महत्वपूर्ण बैठक हुई थी, जिसमें बीजेपी अध्यक्ष जे.पी. नड्डा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के एक वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल थे। इस बैठक में संघ ने रेखा गुप्ता के नाम का प्रस्ताव रखा, जिसे लेकर बीजेपी नेतृत्व में असहमति थी। हालांकि, संघ के सख्त रुख को देखते हुए अमित शाह और जे.पी. नड्डा को इस फैसले को स्वीकार करना पड़ा।

रामलीला मैदान में शपथ ग्रहण समारोह की भव्य तैयारी

दिल्ली में कल मुख्यमंत्री पद के शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन रामलीला मैदान में किया जाएगा। इस बड़े आयोजन की तैयारियाँ जोरों पर हैं। सूत्रों के अनुसार, इस समारोह में करीब 30,000 मेहमानों को आमंत्रित किया गया है।

इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्रीगण, भारतीय जनता पार्टी और NDA शासित 20 राज्यों के मुख्यमंत्री और उप-मुख्यमंत्री मौजूद रहेंगे। इसके अलावा, प्रमुख उद्योगपति, फिल्मी हस्तियाँ, क्रिकेट खिलाड़ी, धार्मिक गुरु और विदेशी राजनयिक भी इस ऐतिहासिक शपथ ग्रहण समारोह का हिस्सा बनेंगे।

दिल्ली विधानसभा चुनाव में बीजेपी की ऐतिहासिक जीत

दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 में आम आदमी पार्टी (AAP) को करारी हार का सामना करना पड़ा। इस चुनाव में बीजेपी ने 27 साल के लंबे अंतराल के बाद दिल्ली में सरकार बनाने में सफलता हासिल की। कुल 70 सीटों में से बीजेपी ने 48 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि आम आदमी पार्टी केवल 22 सीटें ही जीत सकी।

रेखा गुप्ता के मुख्यमंत्री बनने से यह स्पष्ट हो गया है कि इस बार दिल्ली की सत्ता में संघ की अहम भूमिका रही है। अब देखने वाली बात यह होगी कि नई सरकार किस तरह दिल्ली की राजनीतिक और प्रशासनिक चुनौतियों का सामना करती है।