Bihar: बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव आज, वोटिंग हुई शुरू, जनसुराज के प्रशांत किशोर सहित कई नेता मैदान में
- byShiv
- 30 Jul, 2026
इंटरनेट डेस्क। पटना की चर्चित बांकीपुर विधानसभा सीट पर आज उपचुनाव हो रहा है। वोटिंग शुरू हो चुकी है। कई बूथों पर लोगों की कतार नजर आई तो कई बूथों पर सुबह-सुबह मतदान को लेकर लोगों का जोश कम दिखा। बूथों पर युवाओं की कमी भी नजर आई है। जदयू विधायक श्याम रजक ने कहा कि मैं बांकीपुर का मतदाता हूं। हमारा यहां बूथ है और आज मैंने मतदान किया है...यहां कोई संघर्ष नहीं है, एकतरफा चुनाव है।
25 उम्मीदवार मैदान में
वहीं बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा, जो मतदाता यहां मौजूद नहीं हैं या बाहर हैं, उनके फर्जी मतदाता पत्र बनाकर फर्जी वोट करने की तैयारी है। हमने प्रशासन को ये लिखित में शिकायत दी है और प्रशासन इस ओर कार्रवाई भी कर रहा है। आज इस विधानसभाा क्षेत्र के तीन लाख 79 हजार 616 मतदाता मैदान में खड़े 25 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। इनमें भाजपा के नीरज कुमार सिन्हा, जनसुराज के प्रशांत किशोर, राजद की रेखा गुप्ता भी शामिल हैं।
सुरक्षा के केड़ इंतजाम
बांकीपुर उपचुनाव के लिए पांच हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है, जो मतदान केंद्र से मतगणना स्थल तक सक्रिय हैं। सभी 422 मतदान केंद्रों पर अर्द्ध सैनिक बलों के जवानों की तैनाती की गई है। पुलिस नियंत्रण कक्ष में 72 पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती की गई है। पुलिस की छह टीमें नियंत्रण कक्ष के पास हैं। किसी प्रकार की अशांति की सूचना मिलने पर टीमें वहां के लिए रवाना हो जाएगी।
pc- navbharat






