CJP: दिल्ली में फिर जुटने की तैयारी, 5 सितंबर को नई दिल्ली में शांतिपूर्ण विरोध मार्च निकालने की घोषणा
- byShiv
- 25 Aug, 2026
इंटरनेट डेस्क। जंतर-मंतर पर एक महीने से अधिक समय तक आंदोलन चलाने वाली कॉकरोच जनता पार्टी ने एक बार फिर राजधानी दिल्ली में बड़े जुटान का ऐलान कर दिया है। पिछले बार के धरना प्रदर्शन में सीजेपी ने भाजपा सरकार की नींव हिला दी थी और शिक्षा मंत्री का इस्तीफा करवा दिया था। अब सीजेपी ने 5 सितंबर को नई दिल्ली में फिर से शांतिपूर्ण विरोध मार्च निकालने की घोषणा की है। भारत सरकार ने 25 जुलाई को युवाओं से किए गए वादों को पूरा नहीं किया।
क्या हैं कारण
सीजेपी ने बताया कि सरकार के वादों के बाद ही युवाओं ने सद्भावना दिखाते हुए अपना देशव्यापी विरोध प्रदर्शन वापस ले लिया था। 5 सितंबर को होने वाला यह शांतिपूर्ण मार्च इंडिया गेट से शुरू होकर नई दिल्ली पुलिस मुख्यालय की ओर जाएगा। सीजेपी के सह संयोजक सौरव दास के मुताबिक इस मार्च का नेतृत्व नीट परीक्षा से जुड़े मामलों में जान गंवाने वाले छात्रों और पुलिस की बर्बरता के शिकार लोगों के परिवार करेंगे। इसमें देश भर से छात्रों, युवा संगठनों और युवा नागरिकों के शामिल होने की उम्मीद है। सीजेपी ने कहा, श्हम जेन जी, युवा प्रदर्शनकारियों और मृतकों के परिवारों के साथ विश्वासघात स्वीकार नहीं करेंगे।
सीजेपी ने सोमवार को कार्यसमिति की ऑनलाइन बैठक बुलाई थी। पार्टी की ओर से दिए गए बयान में बताया गया कि बैठक में केंद्र सरकार और भाजपा/एनडीए शासित राज्यों की ओर से किए गए वादों की समीक्षा की गई, जिनके आधार पर 25 जुलाई को राष्ट्रव्यापी विरोध प्रदर्शन को वापस लिया गया था। समिति के सदस्यों ने सरकार की मंशा पर आशंका जाहिर की। सीजेपी की ओर से जारी लिखित बयान में कहा गया, एक महीना हो चुका है। वादों को निभाने की बजाय सरकार ने सिर्फ देरी की और सुप्रीम कोर्ट के सामने भी साफ भरोसा नहीं दिया। सीजेपी ने कहा, यह जारी नहीं रह सकता है। हमारे धैर्य को कमजोरी ना समझा जाए। हमारी सद्भावना सरकार के लिए धोखा देने का मौका नहीं हो सकती है।
PC- India today





