Dhanteras 2026: धनतेरस आज, जाने पूजा का शुभ मुहूर्त, खरीदारी का सही समय और पूजा की विधि
- byShiv
- 06 Nov, 2026
इंटरनेट डेेस्क। धनतेरस का त्योहार आज 6 नवंबर को मनाया जा रहा है। दीपावली से पहले आने वाले इस पर्व पर सुबह से ही बाजारों में खरीदारी की रौनक है। कोई सोना-चांदी खरीदने की तैयारी में है तो कोई नए बर्तन, वाहन और दूसरी शुभ वस्तुएं घर लाने की योजना बना रहा है। शाम को भगवान धन्वंतरि, मां लक्ष्मी और कुबेर देव की पूजा होगी। इस दिन यम दीपदान की भी खास परंपरा है। जानिए धनतेरस पर पूजा का शुभ मुहूर्त, खरीदारी का सही समय, पूजा विधि।
धनतेरस पर पूजा का शुभ मुहूर्त क्या है?
धनतेरस पूजा का शुभ मुहूर्त शाम 6 बजकर 1 मिनट से रात 7 बजकर 58 मिनट तक है। इस दौरान भगवान धन्वंतरि, मां लक्ष्मी और कुबेर देव की पूजा कर सकते हैं।
सोना-चांदी खरीदने का शुभ समय
धनतेरस पर सुबह 9.16 से 10.39 बजे तक अमृत चौघड़िया और दोपहर 12.01 से 1.24 बजे तक शुभ चौघड़िया है। शाम 4.09 से 5.31 बजे तक चर चौघड़िया रहेगा। रात 8.46 से 10.24 बजे तक लाभ चौघड़िया है। इन मुहूर्तों में खरीदारी करना शुभ माना जाता है।
धनतेरस पर क्या खरीदना शुभ माना जाता है?
धनतेरस पर सोना-चांदी, पीतल और तांबे के बर्तन, झाड़ू, वाहन, इलेक्ट्रॉनिक सामान, साबुत धनिया और गोमती चक्र खरीदने की परंपरा है। धार्मिक मान्यता है कि इससे घर में सुख-समृद्धि और बरकत आती है।
धनतेरस पर क्या नहीं खरीदना चाहिए?
पारंपरिक मान्यताओं के अनुसार इस दिन लोहे की वस्तुएं, काले रंग का सामान, चाकू, कैंची और प्लास्टिक की चीजें खरीदने से बचने की सलाह दी जाती है।
भगवान धन्वंतरि और मां लक्ष्मी की पूजा कैसे करें?
शाम को घर की सफाई करके पूजा स्थल पर भगवान धन्वंतरि, मां लक्ष्मी और कुबेर देव की प्रतिमा या तस्वीर स्थापित करें। दीपक जलाएं, फूल, अक्षत, धूप, दीप और नैवेद्य अर्पित करें। भगवान धन्वंतरि और मां लक्ष्मी की आरती करें। परिवार की सुख-समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य की कामना करें।
धनतेरस पर कितने दीपक जलाने चाहिए और कहां रखने चाहिए?
धनतेरस पर 13 दीपक जलाने की परंपरा कई घरों में प्रचलित है। मुख्य द्वार, पूजा स्थल, तुलसी के पास और घर के दूसरे हिस्सों में दीपक रखे जाते हैं। यम दीपदान के लिए अलग दीपक जलाने की भी परंपरा है। दीपकों की संख्या को लेकर अलग-अलग पारिवारिक मान्यताएं हैं।
pc- news9live





