Rajasthan: भजनलाल सरकार ने सामान्य-पैरा पदक विजेता खिलाड़ियों को दी दिवाली पर सौगात, इस प्रस्ताव को मिली मंजूरी
- byShiv
- 06 Nov, 2026
इंटरनेट डेस्क। राजस्थान की भजनलाल सरकार ने दीपावली से पहले 235 खिलाड़ियों को बड़ी सौगात दी है। यह तोहफा दिवाली से पहले इन खिलाड़ियों के लिए एक बड़ी खुशी है। मीडिया रिपोटर्स की माने तो राज्य सरकार की ओर से दिसम्बर 2023 से अब तक 187 पदक विजेता खिलाड़ियों को आउट ऑफ टर्न सरकारी नियुक्तियां प्रदान की जा चुकी हैं।
इसी क्रम में अब मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास की अध्यक्षता में गुरुवार को शासन सचिवालय में हुई राज्य स्तरीय समिति की 7वीं बैठक में समिति ने 235 सामान्य एवं पैरा पदक विजेता खिलाड़ियों को विभिन्न विभागों में आउट ऑफ टर्न नियुक्तियां प्रदान करने के प्रस्तावों को मंजूरी दी।
खबरों की माने तो राज्य स्तरीय समिति की 7वीं बैठक में समिति की ओर से पदक विजेता सामान्य एवं पैरा खिलाड़ियों के 286 नए आवेदनों पर चर्चा की गई, जिनमें से 235 सामान्य एवं पैरा खिलाड़ियों को विभिन्न विभागों में नियुक्ति के प्रस्ताव स्वीकृत किये गए। बैठक में विभिन्न श्रेणियों के पदों पर नियुक्तियों के प्रस्तावों को स्वीकृति दी गई। श्रेणी-ए के अंतर्गत 9 खिलाड़ियों को पुलिस उप अधीक्षक के पद पर नियुक्ति प्रदान करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। श्रेणी-बी में 2 खिलाड़ियों को आबकारी विभाग में पेट्रोलिंग ऑफिसर ग्रेड-2 तथा राजस्थान पुलिस में उप निरीक्षक के पद पर नियुक्तियों को स्वीकृति प्रदान की गई। वहीं, श्रेणी-सी के अंतर्गत 224 पदक विजेता खिलाड़ियों को लिपिक ग्रेड-द्वितीय, कांस्टेबल, आबकारी विभाग में सिपाही एवं आबकारी आरक्षक तथा उप जेलर के पदों पर नियुक्तियों के प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। इस कैटेगिरी में 73 पैरा खिलाड़ी शामिल हैं।
pc- etv bharat






