Rajasthan: कोटा में प्रसूताओं की मौत का मामला, पूर्व सीएम ने भजनलाल सरकार को लिया निशाने पर
- byShiv
- 09 May, 2026
इंटरनेट डेस्क। कोटा में प्रसूताओं की मौत का मामला गरमाता जा रहा है। आज दो प्रसूताओं की मौत की खबर सामने आई है। जानकारी के अनुसार अब इस मामले में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने प्रसूताओं की मौत को लेकर प्रदेश की भजनलाल सरकार पर निशाना साधा है। गहलोत ने इस संबंध में सरकार पर चिरंजीवी, आरजीएचएस जैसी योजनाओं पर ब्रेक लगाने तक का आरोप लगा दिए।
क्या कहा गहलोत ने
मीडिया रिपोटर्स के अनुसार गहलोत ने इस संबंध में एक्स के माध्यम से कहा कि ऐसा लगता है कि राजस्थान का कोई धनी-धोरी ही नहीं है। कोटा की 2 प्रसूताओं की मौत एवं कई के बीमार होने की यह त्रासदी अचानक नहीं हुई है, बल्कि यह राजस्थान के ध्वस्त होते हेल्थ सिस्टम की परिणति है। एसएमएस अस्पताल के आईसीयू अग्निकांड और खांसी की दवा से हुई मौतों जैसे गंभीर मामलों को ठंडे बस्ते में डालने का ही नतीजा है कि आज सिस्टम में डर और संवेदनशीलता पूरी तरह खत्म हो चुकी है।
साधा निशाना
जानकारी के अनुसार गहलोत ने कहा कि चिरंजीवी, आरजीएचएस जैसी योजनाओं पर ब्रेक लगा दिया गया है। निजी अस्पतालों में बार-बार हड़ताल हो रही है। पूरा हेल्थकेयर सिस्टम चरमरा गया है। जब पूर्व की घटनाओं में किसी की जवाबदेही तय नहीं हुई, तो अस्पताल प्रबंधन को खुली छूट मिल गई। गहलोत ने इस संबंध में सीएम भजनलाल पर निशाना साधते हुए कहा कि मुख्यमंत्री जी, कागजी जांच का नाटक बंद कर कुछ एक्शन लीजिए। अगर अब भी गुनहगारों को बचाया गया, तो राजस्थान की जनता इस सिस्टम की हत्या को कभी माफ नहीं करेगी।
pc- ndtv






