राजस्थान: सांसद संजना जाटव ने पकड़ी पुलिस की अवैध वसूली, मौके से भागे पुलिसकर्मी

भरतपुर: राजस्थान के भरतपुर से सांसद संजना जाटव ने रात के समय पुलिस नाकों पर हो रही अवैध वसूली का पर्दाफाश किया। जैसे ही सांसद वहां पहुंचीं, पुलिसकर्मी अपनी गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गए। इस दौरान वाहन चालकों ने सांसद को बताया कि खेड़ली पुलिस उनसे जबरन पैसे वसूल रही थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए सांसद ने तुरंत अलवर एसपी से शिकायत दर्ज कराई और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

रात में ट्रक चालकों से जबरन वसूली का मामला

घटना सोमवार रात करीब 8:30 बजे की है। जब सांसद संजना जाटव अपने निवास लौट रही थीं, तब उन्होंने बाईपास रोड पर तूड़ी (पशु चारे) से भरे कई ट्रक खड़े देखे। वहां खेड़ली पुलिस की गाड़ी भी मौजूद थी। वाहन चालकों से पूछताछ करने पर पता चला कि पुलिसकर्मी उन्हें धमकाकर पैसे वसूल रहे थे

जैसे ही सांसद अपनी गाड़ी से उतरीं, पुलिस की गाड़ी मौके से भाग गई। इसके बाद ट्रक चालकों ने सांसद को पूरी घटना की जानकारी दी और बताया कि खेड़ली पुलिस आए दिन उनसे अवैध वसूली करती है।

सांसद ने SP को किया फोन, दी लिखित शिकायत

घटनास्थल पर ही सांसद ने ट्रक चालकों से लिखित शिकायत ली और तुरंत अलवर जिले के एसपी को भेज दी। साथ ही, उन्होंने एसपी को फोन कर इस मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की।

पुलिसकर्मियों पर होगी सख्त कार्रवाई?

सांसद के हस्तक्षेप के बाद यह मामला तूल पकड़ चुका है। अब प्रशासन पर दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करने का दबाव बढ़ गया है। उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही इस मामले में सख्त कदम उठाए जाएंगे ताकि भविष्य में ऐसी अवैध वसूली की घटनाएं रोकी जा सकें।