Rajasthan: कुख्यात डकैत जगन गुर्जर की अजमेर जेल में हत्या, पुलिस महकमे में हड़कंप, कभी राजे के महल को उड़ाने की दी थी धमकी

इंटरनेट डेस्क। राजस्थान के पुलिस महकमे में उस समय हड़कंप मचा जब यह बात सामने आई की अजमेर की हाई सिक्योरिटी जेल में कुख्यात डकैत जगन गुर्जर की हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप कुलदीप जघीना हत्याकांड के एक आरोपी विष्णु पर लगा है। जानकारी के अनुसार जगन गुर्जर और हत्या का आरोपी विष्णु एक ही बैरक में बंद थे। खबरों के अनुसार बैरक के अंदर हुए विवाद के बाद आरोपी ने उस पर जानलेवा हमला कर दिया और हत्या कर दी। इस घटना का पता चलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

कई मामले थे दर्ज
खबरों की माने तो जगन गुर्जर पर हत्या, डकैती, अपहरण और रंगदारी समेत कई संगीन मामले दर्ज थे। वह राजस्थान के सबसे कुख्यात डकैतों में गिना जाता था। जगन गुर्जर का नाम वर्षों तक चंबल के बीहड़ों और पूर्वी राजस्थान में दहशत का पर्याय रहा था। पुलिस लंबे समय तक उसकी तलाश करती रही थी। कई गंभीर मामलों में गिरफ्तार होने के बाद जगन गुर्जर अजमेर हाई सिक्योरिटी जेल में बंद था।

अधिकारी क्या कह रहे
मामले को लेकर अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल की रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस  मौत के हर पहलू की गहन जांच कर रही है। साल 2008 में जब गुर्जर आंदोलन चरम पर था, तब उसने सीधे उस समय तत्कालीन सीएम वसुंधरा राजे को उनके धौलपुर पैलेस को बम से उड़ाने की धमकी दे डाली थी,  इसके बाद डकैत जगन पर ग्यारह लाख रुपए का इनाम घोषित किया गया था।

pc- india tv hindi