Weather Update: राजस्थान में ओलावृष्टि के बाद अप्रैल में सर्दी का अहसास, कल से फिर बदलेगा मौसम, बारिश होने के आसार

इंटरनेट डेस्क। राजस्थान के मौसम में इस समय बड़ा बदलाव देखा जा रहा हैं, लगातार पश्चिमी विक्षोभ के आने से प्रदेश में लोगों को गर्मी का अहसास कम हो रहा है। प्रदेश के कई जिलों में अभी बारिश और ओलावृष्टि देखने को मिल रही है। इसी के कारण तापमान में गिरावट का दौर जारी है। पिछले 24 घंटों के दौरान पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। प्रदेश के न्यूनतम तापमान में भी 4 डिग्री से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे गर्मी का असर फिलहाल नहीं दिख रहा है।

तापमान में आई गिरावट
माउंट आबू और फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 12.9 डिग्री दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी राजस्थान में कुछ स्थानों पर छिटपुट वर्षा हुई, जबकि पूर्वी हिस्सों में बारिश की गतिविधि ज्यादा रही। राज्य के 15 जिलों में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया है। जबकि लूणकरनसर में पारा 15.5 डिग्री रहा। अधिकतम तापमान कोटा और चित्तौड़गढ़ में 38.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

अगले 2 दिन ओलावृष्टि का अलर्ट
मौसम विज्ञान विभाग जयपुर केंद्र ने 7 से 9 अप्रैल तक के लिए चेतावनी जारी की है। 6 और 7 अप्रैल को कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी की गई है। तेज हवाएं और कहीं-कहीं ओले गिरने की भी आशंका है। 8 और 9 अप्रैल को कुछ पूर्वी जिलों में हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है, जबकि पश्चिमी भाग शुष्क रह सकते हैं। मौसम विभाग ने किसानों को खेतों में पकी फसल और सब्जियों की सुरक्षा का खास ध्यान रखने की सलाह दी है।

pc- etv Bharat