Weather Update: राजस्थान में सितंबर में लोगों को परेशान कर रही गर्मी, पूर्वी राजस्थान में बारिश के आसार
- byShiv
- 25 Sep, 2026
इंटरनेट डेस्क। राजस्थान में सितंबर के आखिरी दिनों में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलता दिखाई दे रहा है। प्रदेश में लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। ज्यादातर हिस्सों से मानसून की विदाई हो चुकी है। लेकिन पूर्वी राजस्थान के कुछ इलाकों में अगले दो-तीन दिन तक बादल, गरज-चमक और हल्की बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार 25 सितंबर को कोटा और भरतपुर संभागों में कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है।
कैसा रहेगा मौसम
पश्चिमी राजस्थान में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है, यहां दिन का तापमान अभी भी सामान्य से 4-5 डिग्री सेल्सियस अधिक बना हुआ है। 24 सितंबर को जैसलमेर में प्रदेश का सर्वाधिक 42.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जबकि बाड़मेर में 42.4 और बीकानेर में 41.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार 25 सितंबर को पूर्वी राजस्थान के कोटा और भरतपुर संभागों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। बारिश के साथ कुछ इलाकों में गरज-चमक और तेज हवाओं की स्थिति बन सकती है। हालांकि जिलेवार पूर्वानुमान में 25 सितंबर के लिए किसी जिले को अलग से चेतावनी नहीं दी गई है।
पश्चिमी राजस्थान में गर्मी बरकरार
मौसम विभाग की माने तो 25 सितंबर को पश्चिमी राजस्थान में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है। पश्चिमी राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है, जो सामान्य से करीब 4-5 डिग्री अधिक है, जैसलमेर, बाड़मेर और बीकानेर में दर्ज अधिक तापमान से पश्चिमी राजस्थान में गर्मी की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।। 27 से 29 सितंबर के दौरान राजस्थान के अलग-अलग हिस्सों में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से स्थानीय बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।
pc- amar ujala






