Weather Update: राजस्थान में मौसम का मिला-जुला मिजाज, सर्दी और गर्मी दोनों का दिख रहा असर

इंटरनेट डेस्क। राजस्थान में नवंबर महीने के 5 दिन जा चुके हैं लेकिन गर्मी अभी भी प्रदेश में अपना असर दिखा रही है। वैसे तो प्रदेश में मौसम का मिला-जुला मिजाज देखने को मिल रहा है। 6 नवंबर को प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में मौसम बिल्कुल साफ रहेगा। दिन के समय तेज धूप निकलने से गर्मी का असर बना रहेगा, जबकि सुबह और रात के समय हल्की ठंडक महसूस होगी।

बाड़मेर में पड़ रही गर्मी
राजस्थान में अधिकतम तापमान बाड़मेर में 37.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पश्चिमी राजस्थान के कई इलाकों में दिन का तापमान अभी भी 37 डिग्री के आसपास बना हुआ है, जिससे लोगों को गर्मी का अहसास हो रही है। वहीं, पूर्वी और दक्षिणी राजस्थान के कुछ शहरों में रात के तापमान में गिरावट से सर्दी का अहसास बढ़ने लगा है। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार, प्रदेश के अधिकांश भागों में आगामी एक सप्ताह मौसम शुष्क रहने की प्रबल संभावना है। फिलहाल बारिश की गतिविधियां कमजोर बनी हुई हैं और आने वाले दिनों में भी व्यापक बारिश के कोई संकेत नहीं हैं।

10 नवंबर से नया पश्चिमी विक्षोभ होगा सक्रिय
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, वर्तमान में मध्य क्षोभमंडलीय पश्चिमी हवाओं में समुद्र तल से करीब 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई पर पश्चिमी विक्षोभ ट्रफ के रूप में सक्रिय है। वहीं, 10 नवंबर से एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है। हालांकि, इसके कारण राजस्थान में बारिश होने का फिलहाल कोई स्पष्ट संकेत नहीं है। प्रदेश में अगले एक सप्ताह तक मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है।

pc- NBT