BJP: फडणवीस ने राहुल गांधी पर बोला हमला, कांग्रेस के खाने के दांत अलग हैं और दिखाने के दांत अलग

इंटरनेट डेस्क। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जहां तक राहुल गांधी का सवाल है, वे स्टेज पर आकर तो महिला सशक्तीकरण की बात करते हैं, लेकिन महिलाओं को अधिकार देने का सबसे क्रांतिकारी कदम महिला आरक्षण बिल है। इसका राहुल गांधी विरोध कर रहे हैं। जिसके खिलाफ वोट कर रहे हैं। वे महिलाओं को अधिकार देना नहीं चाहते, मेरा ऐसा मानना है, उनके खाने के दांत अलग हैं और दिखाने के दांत अलग हैं।

फडणवीस ने की राहुल गांधी की आलोचना
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पुणे में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की छात्राओं के साथ बातचीत की आलोचना करते हुए लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष के राजनीतिक रुख को पाखंड करार दिया। उन्होंने कांग्रेस को दिखावा करने वालों और बड़बोले लोगों की दिशाहीन पार्टी करार देकर खारिज कर दिया, जो टेलीविजन के माध्यम से प्रासंगिक बने रहने के लिए भाषण देते हैं। दरअसल राहुल गांधी ने शनिवार को पुणे में अपने ‘छात्रों की गूंज’ संवाद कार्यक्रम के दौरान छात्राओं से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने ‘मनुस्मृति वाली सोच’ की कड़ी आलोचना की और महिलाओं से ‘पितृसत्ता को खत्म करने’ का आह्वान किया।

फडणवीस ने और क्या कहा
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष को सबसे पहले भारतीय जनता पार्टी नेता चित्रा वाघ के उस सवाल का जवाब देना चाहिए कि वह महिला आरक्षण विधेयक का समर्थन करने से क्यों इनकार कर रहे हैं।  फडणवीस ने कहा कि पुणे आकर महिलाओं के बारे में बात करना और फिर उसी विधेयक का विरोध करना, जो उन्हें असल ताकत देगा, यह राहुल गांधी का पाखंडपूर्ण रवैया है। उन्होंने कहा कि मंच से तो राहुल गांधी ने महिलाओं के सशक्तीकरण की बात की, लेकिन महिलाओं को अधिकार देने वाले सबसे क्रांतिकारी कदम महिला आरक्षण विधेयक का उन्होंने विरोध किया।

pc- newsonair.gov.in, INC,indianexpress.com