EC: दो चुनाव आयुक्तों की EC के अधिकारी के खिलाफ शिकायत के बाद भी कैबिनेट सचिव ने नहीं लिया एक्शन, RTI में हुआ खुलासा

इंटरनेट डेस्क। निर्वाचन आयोग के दो चुनाव आयुक्तों सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने आयोग के एक वरिष्ठ अधिकारी मनीष गर्ग के कामकाज को लेकर कैबिनेट सचिव टीवी सोमनाथन से शिकायत की थी। हालांकि, कैबिनेट सचिवालय ने इस मामले में तत्काल कार्रवाई नहीं की। सूचना का अधिकार (आरटीआई) के तहत सामने आए दस्तावेजों के मुताबिक, सचिवालय ने कहा कि दोनों चुनाव आयुक्तों ने अपनी व्यक्तिगत हैसियत में पत्र भेजे थे। निर्वाचन आयोग की ओर से सामूहिक रूप से आधिकारिक पत्र नहीं आने के कारण इस स्तर पर कार्रवाई करना उचित नहीं होगा। 

मीडिया रिपोटर्स की माने तो सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने 29 जुलाई को अलग-अलग पत्र लिखकर वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त मनीष गर्ग के कामकाज पर सवाल उठाए थे। आरटीआई के जवाब में सामने आए पत्रों के मुताबिक, दोनों आयुक्तों का आरोप था कि गर्ग ने वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्तों, उप निर्वाचन आयुक्तों, महानिदेशकों और उनके समकक्ष अधिकारियों के बीच काम का बंटवारा बदलने का आदेश जारी किया। आरोप था कि यह बदलाव निर्वाचन आयोग या संबंधित अधिकारियों से चर्चा किए बिना किया गया। 

इस विवाद की एक वजह निर्वाचन आयोग में काम के बंटवारे से जुड़ा आदेश भी था। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, इस आदेश से आयोग के स्तर पर मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और रिकॉर्ड अपडेट करने से जुड़े अधिकारों को केंद्रित करने की आशंका जताई गई थी। आरोप था कि इससे राज्य स्तर के अधिकारियों की भूमिका प्रभावित हो सकती थी। निर्वाचन आयोग ने 26 सितंबर को कहा था कि संबंधित अधिकारी की ओर से जारी काम के बंटवारे के आदेश को दोनों चुनाव आयुक्तों के निर्देश के बाद लागू नहीं किया गया। आयोग ने यह भी कहा था कि संधू और जोशी के पत्र किसी प्रतिनियुक्त अधिकारी से संबंधित थे, न कि नीति या सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के मामलों से।

PC- nationalheraldindia.com