IND vs WI: दूसरे वनडे से पहले वेस्टइंडीज टीम को झटका, पहले मैच में शतक लगाने वाले जस्टिन ग्रीव्स हुए बाहर
- byShiv
- 30 Sep, 2026
इंटरनेट डेस्क। भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेली जा रही 3 मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला आज खेला जाना है। पहला मुकाबला भारत ने जीतकर सीरीज में 1-0 से बढ़त बना रखी है। हालांकि वेस्टइंडीज को बुधवार को भारत के खिलाफ गुवाहाटी में होने वाले दूसरे वनडे से पहले करारा झटका लगा है। पहले वनडे में शतक जमाने वाले जस्टिन ग्रीव्स पिंडली में चोट के कारण दूसरे मैच से बाहर हो गए हैं।
जस्टिन ग्रीव्स ने तिरुअनंतपुरम में अपना पहला वनडे शतक जमाया था। दाएं हाथ के बल्लेबाज ने 108 गेंदों में 101 रन बनाए थे। उन्होंने अपनी पारी के दौरान 12 चौके लगाए थे। वेस्टइंडीज ने 50 ओवर में 295/7 का स्कोर बनाया था। भारत ने 41.4 ओवर में दो विकेट खोकर लक्ष्य हासिल किया और तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बनाई।
क्रिकेट वेस्टइंडीज ने एक बयान जारी करके कहा, जस्टिन ग्रीव्स पिंडली में चोट के कारण भारत के खिलाफ दूसरे वनडे से बाहर हो गए हैं। ग्रीव्स को पहले मैच में पारी के दौरान चोट लगी थी।
PC- cricinfo.com





