India-Russia: पीएम मोदी 2026 में करेंगे रूस का दौरा, रूसी विदेश मंत्री ने दी जानकारी

इंटरनेट डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस साल रूस का दौरा करेंगे। इसकी जानकारी खुद रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने दी है। उन्होंने कहा है कि रूस को उम्मीद है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस साल रूस का दौरा करेंगे। लावरोव ने ‘इंडिया एंड रशिया टुवर्ड्स अ न्यू बाइलेट्रल एजेंडा शीर्षक वाले सम्मेलन को वर्चुअली संबोधित करते हुए कहा, हम 2026 में प्रधानमंत्री मोदी के रूस दौरे का इंतजार कर रहे हैं। इस सम्मेलन को विदेश मंत्री एस जयशंकर ने भी संबोधित किया है।

रूसी विदेश मंत्री ने क्या कहा?
मीडिया रिपोटर्स की माने तो लावरोव ने कहा, हमें उम्मीद है कि प्रधानमंत्री मोदी 2026 में रूस का दौरा करेंगे। रूस और भारत की दशकों पुरानी दोस्ती इस बात का एक आदर्श उदाहरण है कि दो देशों के बीच आपसी संबंध कैसे होने चाहिए और कैसे बनाए जा सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा, उच्चतम स्तर पर होने वाली भरोसेमंद बातचीत की भूमिका को कम करके आंकना मुश्किल है।

पुतिन ने दिया था पीएम मोदी को निमंत्रण
जानकारी के अनुसार रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने दिसंबर 2025 में अपनी भारत यात्रा के दौरान पीएम मोदी को 24वें भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन के लिए रूस आने का न्योता दिया था। इस यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच 100 बिलियन के द्विपक्षीय व्यापार लक्ष्य (2030 तक) और लॉजिस्टिक्स, तकनीक व निवेश जैसे क्षेत्रों में सहयोग पर चर्चा होने की उम्मीद है। 2026 में भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता के दौरान भी दोनों देशों के बीच उच्च स्तरीय समन्वय बना रहेगा। पीएम मोदी ने अक्तूबर 2024 में रूस के कजान में आयोजित 16वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लिया था। जुलाई 2024 में भी पीएम मोदी ने रूस की दो दिवसीय यात्रा की थी।

pc- ndtv