India New CDS: लेफ्टिनेंट जनरल एन एस राजा सुब्रमणि होंगे देश के नए सीडीएस, डीएमए के सचिव के रूप में भी करेंगे काम
- byShiv
- 09 May, 2026
इंटरनेट डेस्क। ऑपरेशन सिंदूर की बरसी के एक दिन बाद ही केंद्र सरकार ने बड़ा फैसला किया है। सरकार ने लेफ्टिनेंट जनरल एन एस राजा सुब्रमणि (सेवानिवृत्त) को देश का अगला चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) नियुक्त किया है। वह वर्तमान सीडीएस जनरल अनिल चौहान का स्थान लेंगे, जिनका कार्यकाल 30 मई, 2026 को समाप्त हो रहा है। पदभार ग्रहण करने के साथ ही लेफ्टिनेंट जनरल सुब्रमणि सैन्य मामलों के विभाग (डीएमए) के सचिव के रूप में भी कार्य करेंगे।
मीडिया रिपोटर्स की माने तो लेफ्टिनेंट जनरल राजा सुब्रमणि का सैन्य करियर बेहद शानदार रहा है। वह वर्तमान में राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय में सैन्य सलाहकार के रूप में कार्यरत हैं। इससे पहले वह सेना के उपप्रमुख और मध्य कमान के जीओसी-इन-सी जैसे महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उनकी यह नियुक्ति थिएटर कमांड और सशस्त्र बलों के एकीकरण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
इस बीच, वाइस एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन को भारतीय नौसेना का अगला प्रमुख नियुक्त किया गया है। वो 31 मई को पदभार संभालेंगे और उनका कार्यकाल 31 दिसंबर, 2028 तक रहेगा।
pc- navbharat times






