Jaipur: रिटायर्ड प्रिंसिपल का शव 3 दिन तक सड़ता रहा फ्लैट में, 3 बच्चों के होने के बाद भी नहीं ली किसी ने सुध
- byShiv
- 23 Jul, 2026
इंटरनेट डेस्क। जयपुर में एक ऐसी घटना सामने आई है जो आपको हिलाकर रख सकतर है। इस घटना ने एक परिवार नहीं, बल्कि पूरे समाज के सामने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां एक रिटायर्ड प्रिंसिपल के जीवन का अंत बेहद दर्दनाक रहा, 90 साल के हरिश्चंद्र अपने फ्लैट में अकेले रहते थे, उनकी मौत हो गई, लेकिन किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी, करीब तीन दिन बाद जब फ्लैट से तेज बदबू आने लगी, तब पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी।
मामला जयपुर के त्रिवेणीनगर स्थित बालाजी रेजिडेंसी के फ्लैट नंबर 201 का है, यहां 90 वर्षीय रिटायर्ड प्रिंसिपल हरिश्चंद्र अकेले रहते थे, पिछले कुछ दिनों से पड़ोसियों ने उन्हें बाहर आते-जाते नहीं देखा। शुरुआत में किसी ने इस बात पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया। लेकिन जब लगातार फ्लैट से बदबू आने लगी तो पांचवीं मंजिल पर रहने वाली सोशल प्रोटेक्शन एंड वेलफेयर काउंसिल की स्टेट प्रेसिडेंट हिरल राठौड़ को शक हुआ। उन्होंने तुरंत शिप्रा पथ थाना पुलिस को सूचना दी।
अंदर से बंद था फ्लैट
पुलिस मौके पर पहुंची तो फ्लैट अंदर से बंद था, काफी देर तक आवाज लगाने के बाद भी कोई जवाब नहीं मिला, इसके बाद पुलिस वाले दरवाजा तोड़कर अंदर गए,फ्लैट के बाथरूम के पास हरिश्चंद्र का शव पड़ा मिला। पुलिस के मुताबिक उनकी मौत करीब तीन दिन पहले हो चुकी थी। शुरुआती जांच में उनके सिर पर चोट के निशान भी मिले है, माना जा रहा है कि वह गिर गए होंगे. हालांकि मौत की असली वजह जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही साफ होगी।
पहुंचे परिवार के लोग
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने हरिश्चंद्र के बेटे और दोनों बेटियों को सूचना दी। जांच में सामने आया कि उनका एक बेटा जयपुर में रहता है, जबकि दोनों बेटियां दिल्ली और बेंगलुरु में रहती हैं। पुलिस के अनुसार परिवार के सदस्य अलग-अलग रह रहे थे। शुरुआती जानकारी में संपत्ति को लेकर विवाद की बात भी सामने आई है। बताया जा रहा है कि इसी वजह से परिवार के बीच दूरी बढ़ गई थी और मुलाकातें भी कम हो गई थीं।
pc- ndtv raj






