Nag Panchami 2026: नाग पंचमी आज, जाने पूजा का शुभ मुहूर्त और विधि, बन रहे आज ये शुभ योग

इंटरनेट डेस्क। सावन का महीना चल रहा हैं और इस महीने में नाग पंचमी का त्योहार भी आता हैं जो आज 17 अगस्त को है। खास बात यह है कि इसी दिन सावन का तीसरा सोमवार भी पड़ रहा है, ऐसे में भगवान शिव और नाग देवता की पूजा का महत्व और बढ़ जाता है। इस दिन श्रद्धालु नाग देवता की पूजा करके परिवार की सुख-समृद्धि और सुरक्षा की कामना करने का विधान है। 

नाग पंचमी 2026 का शुभ मुहूर्त
हिंदू पंचांग के अनुसार, पंचमी तिथि की शुरुआत 16 अगस्त की शाम 4.51 बजे से हो गई और इसका समापन 17 अगस्त की शाम 5 बजे होगा। इस दिन रवि योग और शुभ योग का निर्माण भी हो रहा है, जिससे पूजा-पाठ के लिए दिन को विशेष माना जा रहा है।

नाग देवता की पूजा क्यों की जाती है?
सनातन परंपरा में नागों का संबंध भगवान शिव और भगवान विष्णु दोनों से जुड़ा माना गया है। भगवान शिव के गले में नाग सुशोभित होते हैं, जबकि शेषनाग भगवान विष्णु की शैया हैं, भगवान कृष्ण के जन्म के समय भी शेषनाग ने वासुदेव की यमुना पार करने में सहायता की थी। समुद्र मंथन में वासुकी नाग की महत्वपूर्ण भूमिका मानी जाती है। इसी वजह से नाग पंचमी को नाग देवताओं के प्रति सम्मान और कृतज्ञता प्रकट करने का पर्व माना जाता है।

नाग पंचमी की पूजन विधि
पूजा की शुरुआत भगवान शिव के स्मरण से करें, सबसे पहले शिवलिंग का जल से अभिषेक करें और बेलपत्र अर्पित करें, इसके बाद नाग देवता की पूजा आरंभ करें, नाग प्रतिमा या चित्र पर हल्दी, रोली, अक्षत और फूल चढ़ाए जा सकते हैं। इसके बाद चने, खील-बताशे और कच्चे दूध का भोग लगाएं। घर के मुख्य द्वार पर गोबर, गेरू या मिट्टी से नाग की आकृति बनाकर भी पूजा करने की परंपरा बताई गई है। अंत में धूप और दीप जलाकर भगवान शिव की आरती करें और प्रसाद वितरित करें।

pc- moneycontrol.com