Rajasthan: प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था के बीच सीएम शर्मा का एक्शन, कई पुलिस अधिकारियों पर गिरी गाज

इंटरनेट डेस्क। राजस्थान में हालिया आपराधिक घटनाओं और पुलिसकर्मियों के कथित लापरवाह रवैये को लेकर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सख्त रुख अखतियार किया है। मंगलवार को कानून व्यवस्था की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों को साफ कहा कि अपराध के मामलों में किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में मुख्यमंत्री ने हाल के दिनों में हुई आपराधिक घटनाओं के साथ पुलिस की लापरवाही और अमर्यादित व्यवहार पर नाराजगी जताई। साथ ही उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

बैठक के बाद पुलिस विभाग में कार्रवाई भी शुरू की और एक पुलिस अधिकारी को निलंबित किया गया, छह अधिकारियों को एपीओ किया गया और दो अधिकारियों को उनके पद से हटाया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस का काम अपराधियों में कानून का डर पैदा करना और आम लोगों के मन में सुरक्षा का भरोसा मजबूत करना है। 

मुख्यमंत्री की समीक्षा बैठक के बाद भरतपुर के भड़ाना हत्याकांड सहित पुलिस के कामकाज से जुड़े मामलों में कार्रवाई की जानकारी सामने आई। वेर थाने के थानाधिकारी धीरेन्द्र सिंह को निलंबित किया गया है, वहीं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रेरणा शेखावत को पदस्थापन की प्रतीक्षा में रखा गया है, इसके अलावा वृत्ताधिकारी भुसावर नीरज भारद्वाज, उप पुलिस अधीक्षक यातायात अजमेर अंजू यादव, वृत्ताधिकारी सांभर मुकेश जोशी, वृत्ताधिकारी श्रीगंगानगर विष्णु कुमार खत्री और जयपुर पुलिस आयुक्तालय में तैनात पुलिस निरीक्षक मुकेश खराड़िया को एपीओ किया गया है। इसी तरह अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, एसआईयूसीएडब्ल्यू, जयपुर ग्रामीण बृजमोहन मीणा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, खैरथल जया सिंह को भी पद से हटाया गया है।

pc-etv bharat