Rajasthan: पंचायत समिति प्रधान के चुनावों में भी कांग्रेस ने मारी बाजी, 255 प्रधान बना स्पष्ट बहुमत किया हासिल, भाजपा 105 पर अटकी
- byShiv
- 28 Nov, 2026
इंटरनेट डेस्क। राजस्थान में पंचायत चुनाव संपन्न हो चुके हैं, केवल 4 जिलों के चुनाव परिएणाम दिसंबर में आने है। उसके अलावा जिला प्रमुखों और प्रधानों के चुनाव के परिणाम भी सामने आ चुके है। जिला प्रमुखों के चुनावों के बाद अब पंचायत समिति प्रधान के चुनावों में भी कांग्रेस ने बाजी मारी है। राजस्थान में कांग्रेस ने सत्ताधारी दल भाजपा के मुकाबले आधी से ज्यादा सीटों पर जीत दर्ज की हैं। 37 जिलों की सभी 419 पंचायत समितियों में कांग्रेस ने 255 प्रधान बनाकर स्पष्ट बहुमत हासिल किया है। वहीं बीजेपी 105 प्रधान पदों तक ही पहुंच सकी।
दोनों पार्टियों के बीच 150 प्रधान पदों का बड़ा अंतर रहा। वहीं हनुमान बेनीवाल की राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी यानी आरएलपी प्रधान की 24 सीटों पर जीत दर्ज कर सकी। भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी) ने 14, निर्दलीयों ने 19 और माकपा ने दो पंचायत समितियों में प्रधान बनाए। ग्रामीण सत्ता के इस चुनाव में कांग्रेस ने अपने दम पर स्पष्ट बहुमत हासिल किया। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पंचायत समितियों के प्रधान पदों के चुनाव में कांग्रेस के 255 नवनिर्वाचित प्रधानों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
उन्होंने एक्स के माध्यम से कहा कि मुझे विश्वास है कि आप सभी नवनिर्वाचित प्रधान ग्रामीण राजस्थान के विकास, किसान, मजदूर और आमजन के हितों के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करेंगे। राजस्थान पंचायती राज व्यवस्था में अग्रणी राज्य रहा है। इस गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
pc- cnbctv18.com






