Rajasthan: लोकसभा चुनाव से पहले मानवेंद्र सिंह ने कांग्रेस पर साधा निशाना, गरमाई प्रदेश की राजनीति

इंटरनेट डेस्क। लोकसभा चुनाव से पहले राजस्थान में पूर्व केंद्रीय मंत्री जसवंत सिंह के बेटे मानवेंद्र सिंह ने अब एक ऐसा ट्वीट किया है, जिससे प्रदेश कांग्रेस की राजनीति गर्मा गई है। मानवेंद्र सिंह ने अब एक बार फिर से कांग्रेस में शामिल हुए सुनील परिहार और फतेह खान को लेकर बड़ी बात कही है।

मानवेंद्र सिंह ने इस संबंध में ट्वीट किया कि निष्कासन के बाद छ: वर्ष की अवधि काफी जल्दी बीत गई। गौरतलब है कि विधानसभा चुनाव में टिकट नहीं मिलने से नाराज होकर सिवाना से सुनील परिहार और शिव से कांग्रेस के जिला अध्यक्ष फतेह खान ने निर्दलीय चुनाव लडक़र पार्टी से बगावत की थी। 

अब कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव से पहले इन दोनों ही नेताओं का निष्कासन वापस लेते हुए पार्टी में शामिल कर लिया है। इस बात से नाराज होकर मानवेंद्र सिंह ने ये ट्वीट किया है। गौरतलब है कि मानवेंन्द्र सिंह के लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा में शामिल होने के कयास लगाए जा रहे हैं। अब समय ही बताएगा कि मानवेंद्र सिंह भाजपा का दामन थामते हैं या नहीं।


 PC: jansatta