Rajasthan: कोटा में दो और प्रसूताओं की किडनी फेल का मामला, गहलोत ने भजनलाल सरकार को लिया निशाने पर

इंटरनेट डेस्क। राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भजनलाल सरकार को किसी ना किसी मुद्दे पर घेरने का प्रयास करते ही रहते है। अब उन्होंने कोटा में दो और प्रसूताओं की किडनी फेल होने की खबर को लेकर भजनलाल सरकार को निशाने पर लिया है।

मीडिया रिपोटर्स की माने तो पूर्व सीएम गहलोत ने इस संबंध में एक्स के माध्यम से कहा कि प्रदेश में प्रसूताओं की किडनी फेल होने की घटनाएं लगातार हो रही हैं और भाजपा सरकार जिम्मेदारी से भागती नजर आ रही है। अब कोटा में दो और प्रसूताओं की किडनी फेल हो गई है। करीब पांच माह पहले 12 प्रसूताओं की किडनी फेल हुई थी और इनमें से 5 की मृत्यु हो गई थी। जांच कमेटियां वजह नहीं बता पा रही हैं और कोलकाता लैब से रिपोर्ट पांच माह में भी नहीं आई है।

गहलोत ने कहा कि यह बेहद दुखद है कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं का भट्ठा बैठ गया है। सरकार की संवेदनहीनता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि कुछ दिन पूर्व ही कोटा में प्रसूताओं की मौत पर लापरवाही के चलते निलंबित किए गए तीनों डॉक्टरों को क्लीन चिट देकर बहाल कर दिया गया। और अब फिर से नए मामले सामने आ रहे हैं। जब पांच माताओं की मौत के बाद भी कार्रवाई की जगह क्लीन चिट मिल रही हो, तो ऐसी घटनाएं रुकेंगी कैसे?

pc- deccanchronicle.com