Rajasthan: पांच आईएएस अधिकारियों के तबादले, सिद्धार्थ महाजन को मिली जेडीए की जिम्मेदारी
- byShiv
- 25 Dec, 2025
इंटरनेट डेस्क। राजस्थान सरकार ने प्रशासनिक ढांचे में बड़ा बदलाव किया है। भारतीय प्रशासनिक सेवा आईएएस के 5 वरिष्ठ अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। कार्मिक विभाग द्वारा जारी आदेशों के अनुसार, जयपुर विकास प्राधिकरण में नए मुखिया की नियुक्ति के साथ-साथ कई महत्वपूर्ण विभागों के स्वरूप में बदलाव किया गया है।
इस सूची का सबसे महत्वपूर्ण नाम सिद्धार्थ महाजन का है। 2021 से केंद्रीय डेपुटेशन पर रहे 2003 बैच के आईएएस अधिकारी सिद्धार्थ महाजन की जयपुर वापसी एक प्राइम पोस्टिंग के साथ हुई है। उन्हें जयपुर विकास प्राधिकरण का नया कमिश्नर (जेडीसी) नियुक्त किया गया है। महाजन हाल ही में लोकसभा सचिवालय में संयुक्त सचिव के पद से कार्यमुक्त होकर राजस्थान लौटे थे और पोस्टिंग के इंतजार में थे।
जेडीए कमिश्नर के पद पर कार्यरत आनंदी को अब नई जिम्मेदारी दी गई है। उन्हें रजिस्ट्रार, सहकारिता विभाग के पद पर तैनात किया गया है। प्रशासनिक हलकों में आनंदी के तबादले को लेकर पिछले कुछ दिनों से अटकलें तेज थीं।
अब वे राज्य में सहकारिता आंदोलन और समितियों के प्रबंधन का जिम्मा संभालेंगी। वरिष्ठ आईएएस मंजू राजपाल, जो अब तक कृषि, सहकारिता की प्रमुख सचिव और सहकारिता रजिस्ट्रार का दोहरा कार्यभार संभाल रही थीं, उन्हें अब प्रमुख सचिव, कृषि एवं उद्यानिकी के साथ-साथ अध्यक्ष, राजस्थान राज्य बीज निगम के पद पर नियुक्त किया गया है। वहीं राकेश शर्मा को पदोन्नत करते हुए सूचना एवं जनसंपर्क विभाग का आयुक्त और संयुक्त सचिव बनाया गया है। तबादला सूची के अनुसार, देवस्थान विभाग के आयुक्त बाबूलाल गोयल को वहां से हटाकर राज्य मानवाधिकार आयोग में सचिव के पद पर भेजा गया है।
pc-zee news






