Rajasthan: महाराष्ट्र में भाषा विवाद पर पूर्व सीएम गहलोत का बयान, भाषाई मतभेदों पर झगड़ा अनावश्यक हैं
- byShiv
- 14 Jul, 2025

इंटरनेट डेस्क। महाराष्ट्र में भाषा को लेकर कई तरह के विवाद सामने आ रहे है। ऐसे में राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने मुंबई दौरे के दौरान कहा कि हर भाषा और धर्म का सम्मान करना चाहिए। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि भाषाई मतभेदों पर झगड़ा अनावश्यक है।
मीडिया रिपोटर्स की माने तो अशोक गहलोत की यह टिप्पणी महाराष्ट्र में स्कूलों में हिंदी पढ़ाए जाने को लेकर चल रहे विवाद और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना से जुड़ी कई हिंसक घटनाओं के बाद आई है। हाल ही में मनसे के कार्यकर्ताओं को मराठी में बात न करने पर गैर-मराठी भाषी लोगों पर हमला करते देखा गया था।
पूर्व सीएम ने संवाददाताओं से कहा, ज्ञान ही शक्ति है, कोई भी भाषा सीखने में कोई बुराई नहीं है, आपको भाषाएं सीखनी ही चाहिए। भाषा के मामले में कोई प्रतिबंध नहीं होना चाहिए। बदलते सामाजिक नजरिए को याद करते हुए अशोक गहलोत ने कहा, जब हम छोटे थे, तब हम भी अंग्रेजी के खिलाफ थे, लेकिन अब समय बदल गया है, इस नए जमाने में अंग्रेजी जरूरी हो गई है, इसलिए हम अपने बच्चों को अंग्रेजी पढ़ा रहे हैं। ऐसे में भाषाओं को लेकर झगड़ा करना गलत है।
pc- aaj tak