Weather Update: राजस्थान में सर्दी का दौर, दिन में धूप लगने लगी अच्छी, तापमान में आ रही गिरावट

इंटरनेट डेस्क। राजस्थान में सर्दी का असर दिखने लगा हैं, सुबह शाम ही नहीं अब दिन में लोगों को धूप अच्छी लगने लगी है। प्रदेश के कई शहरों में रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंचने लगा है, जबकि दिन में धूप निकलने से मौसम सामान्य बना हुआ है। राज्य में रविवार को मौसम शुष्क रहा, सर्वाधिक अधिकतम तापमान बाड़मेर में 30.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, रात के तापमान में गिरावट के चलते फतेहपुर, सीकर और माउंट आबू जैसे इलाकों में ठंड का असर ज्यादा महसूस किया जा रहा है।

मौसम विभाग क्या बता रहा
जयपुर मौसम विभाग की माने तो 23 से 28 नवंबर तक पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान के किसी भी जिले के लिए मौसम संबंधी चेतावनी जारी नहीं की गई है। इस दौरान तापमान में भी विशेष बदलाव होने के आसार नहीं हैं। जयपुर, अजमेर, भरतपुर, कोटा, उदयपुर, बीकानेर और जोधपुर संभाग में मौसम साफ रहने का अनुमान है।

पारे में आ रही गिरावट
प्रदेश के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान लगातार कम हो रहा है। माउंट आबू में न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। फतेहपुर में पारा 8.1 डिग्री और सीकर में 8.5 डिग्री सेल्सियस रहा। शेखावाटी क्षेत्र में सुबह और देर रात ठंड का असर ज्यादा महसूस हो रहा है। जयपुर में अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम 14 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। उदयपुर में दिन का तापमान 27 से 29 डिग्री और रात का 9 से 14 डिग्री के बीच रह सकता है

pc-amar ujala