Rajasthan: चिकित्सा मंत्री के प्रसूताओं को लेकर बिगड़े बोल, बोले 'प्रसूताएं नाचती गाती आई थी या बीमार' विपक्ष ने घेरा
- byShiv
- 12 Jun, 2026
इंटरेनट डेस्क। राजस्थान के चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह का प्रसूताओं को लेकर दिया गया बयान उनके लिए परेशानी का कारण बन गया है। बीकानेर के पीबीएम अस्पताल सिजेरियन डिलीवरी के बाद जिंदगी और मौत से प्रसूताएं जूझ रही है। दूसरी तरफ बाहर पुलिस की लाठियां और नेताओं की तीखी बयानबाजी हो रही है। प्रदेश के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर के एक बयान ने पूरे प्रदेश में सियासी भूचाल ला दिया है।
ऑपरेशन के बाद बिगड़ी 6 प्रसूताओं की हालत
इस पूरे विवाद की शुरुआत बुधवार को हुई। बीकानेर के सबसे बड़े पीबीएम अस्पताल में सिजेरियन डिलीवरी के बाद अचानक 6 महिलाओं की तबीयत गंभीर रूप से बिगड़ गई। इन प्रसूताओं में किडनी से जुड़ी गंभीर परेशानी सामने आने लगीं। मामले ने जब तूल पकड़ा, तो प्रशासन ने आनन-फानन में जांच के लिए एक समिति का गठन कर दिया और खुद चिकित्सा मंत्री हालात का जायजा लेने बीकानेर पहुंच गए।
दे दिया ये बयान
गुरुवार को जब चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर अस्पताल के पोस्ट-कोविड आईसीयू वार्ड का मुआयना करने पहुंचे, तो मीडिया ने उनसे प्रसूताओं की बिगड़ती हालत और अस्पताल की व्यवस्था पर तीखे सवाल किए। सवालों से घिरे मंत्री जी बचाव की मुद्रा में आ गए और पास खड़े मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. सुरेंद्र वर्मा की तरफ इशारा करते हुए एक ऐसा बयान दे दिया, जो उनके गले की फांस बन गया। मंत्री ने कहा, आप बताओ इन्हें कि गर्भवती महिलाएं अस्पताल में सीरियस आई थीं या नाचते-गाते आई थीं।
इस बयान के बाद हनुमान बेनीवाल ने सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और प्रधानमंत्री कार्यालय को टैग करते हुए सोशल मीडिया पर लिखा, जिस व्यक्ति के कंधों पर प्रदेश की माताओं-बहनों के स्वास्थ्य की जिम्मेदारी हो, उससे ऐसी असंवेदनशील टिप्पणी की अपेक्षा नहीं की जा सकती।
pc- x.com




